संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के हृदय रोगियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब ग्रामीण इलाकों में रहने वाले मरीजों को उनके पास स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर ही हार्ट अटैक के आपातकालीन इंजेक्शन मिलेंगे। यह सुविधा छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर उपलब्ध होगी।
ये इंजेक्शन खून को पतला कर रक्त के संचरण को सामान्य बनाते हैं। इससे आपातकालीन स्थिति में लोगों को शहर के बड़े अस्पतालों तक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। मरीजों को शीघ्र इलाज मिल पाएगा जिससे अनहोनी का खतरा भी कम होगा।
यह कदम दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए जीवन देने वाला साबित होगा। सिविल सर्जन कमला वर्मा ने बताया कि प्रदेश में बढ़ रहे हार्ट अटैक के मामलों को गंभीरता से लिया गया है। इन इंजेक्शनों की उपलब्धता के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही है। जिले में जल्द ही ये इंजेक्शन उपलब्ध होने की उम्मीद है।
हाल में शुरू हुई ईसीजी व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में जिले की सीएचसी व पीएचसी पर ईसीजी की व्यवस्था भी शुरू की है। इसकी रिपोर्ट मात्र दो मिनट में ही ऑनलाइन विश्लेषण के लिए तैयार हो जाती है। यह सुविधा भी हृदय रोगियों को त्वरित निदान में मदद करेगी।