26सीटीके38-एमडीयू में पहलवान संग्राम सिंह को सम्मानित करते कुलपति प्रो. राजबीर सिंह। स्रोत:एमडी
- फोटो : संवाद
रोहतक। प्रोफेशनल पहलवान संग्राम सिंह ने बुधवार को एमडीयू के डैफेटेरिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि डैफेटेरिया को भविष्य में नवाचारी स्वस्थ खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ खान-पान हमारे जीवन और संस्कारों का हिस्सा होना चाहिए। संग्राम सिंह ने कहा कि समाज-देश संस्कारों से चलता है। विद्यार्थियों व युवा वर्ग में स्वस्थ जीवन शैली तथा संस्कारों को प्रोत्साहित किए जाने की जरूरत है।
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में डैफेटेरिया नामक एक अनूठा फूड ट्रक स्टार्टअप स्थापित किया गया है, जो सामाजिक समावेशिता को बढ़ावा देता है और मूक-बधिर बच्चों को सशक्त बनाने में मदद करता है। इस स्टार्टअप की स्थापना एमडीयू की पूर्व छात्रा पदमाजय ने की थी और एमडीयू के पूर्व छात्र मंदीप फोगाट और साहिल सहारण भी इससे जुड़े हुए हैं। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में स्वस्थ खाद्य पदार्थों और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चलाएगा। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। आईएचटीएम के निदेशक प्रो. आशीष दहिया ने बताया कि यह स्टार्टअप संयुक्त राष्ट्र के पांच सतत विकास लक्ष्यों को भी पूरा करता है।