माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शातिर साइकिल चोर ने तीन माह में 50 से ज्यादा वारदात अंजाम दी हैं। आरोपी लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, नजदीक माता दरवाजा निवासी प्रदीप से पूछताछ कर 29 साइकिल बरामद हुई हैं। नशा करने के आदी आरोपी का कहना है कि वह सड़क किनारे खड़ी साइकिल को पलक झपकते ही चुरा लेता था। आरोपी का कहना है कि बाकी साइकिल किसको बेची, उसे याद नहीं। एक साइकिल चोरी की शिकायत थाने में दर्ज है, बाकी का कोई मालिक आगे नहीं आया है।
सुखपुरा पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई सन्नी ने बताया कि 8 अगस्त को सैनिक कॉलोनी निवासी अमन ने शिकायत दी कि वह अपने दोस्त के घर गया था। साइकिल को घर के अंदर खड़ी करके चला गया। 30 मिनट बाद आया तो साइकिल नहीं मिली। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच की तो सीसीटीवी फुटेज हाथ लगी।
जांच आगे बढ़ाई तो पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की तो पहले 27 साइकिल चोरी की वारदात का खुलासा किया। बाद में दो और वारदात सामने आईं।
300 से 500 रुपये में बेच देता था 10 हजार की साइकिल
जांच अधिकारी एएसआई सन्नी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके निशाने पर सड़कों पर खड़ी साइकिलें होती थीं। रास्ते में अगर कोई 300 से 500 रुपये भी दे देता तो 10 हजार की कीमत वाली साइकिल उसे बेच देता था।
साइकिल चोरी हुई है तो सबूत लेकर आएं और ले जाएं
साइकिल चोरी की केवल एक शिकायत दर्ज है। आम लोगों से आग्रह है कि अगर किसी की साइकिल चोरी हुई है तो पुरानी सब्जी मंडी थाने में आकर सबूत के साथ आएं। साइकिल का बिल नंबर या दूसरे दस्तावेज होने चाहिए। कानूनी प्रक्रिया के बाद साइकिल दे दी जाएगी।
- एएसआई सन्नी, जांच अधिकारी