झज्जर। जिले में 10 मई को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं और नगर परिषद झज्जर वार्ड-13 के उपचुनाव को लेकर प्रशासन की तरफ से तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) व पोलिंग पार्टियों का प्रथम रेंडमाइजेशन संपन्न किया।
इस दौरान ईवीएम मशीनों व पोलिंग पार्टियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आवंटन सुनिश्चित किया गया। सीटीएम एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी रितु बंसीवाल ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य वार्ड-14 बहादुरगढ़, गांव धांधलान व गांव बाढसा में सरपंच पद, झज्जर शहर के वार्ड-13 में पार्षद पद के लिए 10 मई को उपचुनाव होना है।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए ईवीएम व पोलिंग पार्टियों का रेंडमाइजेशन एक महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चुनावी प्रक्रियाएं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। मौके पर डीडीपीओ निशा तंवर, डीआईओ अमित बंसल, बीडीपीओ साल्हावास राहुल मेहरा मौजूद थे। संवाद