बहादुरगढ़। बढ़ती महंगाई अब लोगों की नींद पर भी भारी पड़ने लगी है। शहर के गद्दा बाजार में पिछले दो महीनों के दौरान गद्दों की कीमतों में 15 से 20 फीसदी तक का उछाल आया है। कारोबारियों का कहना है कि पॉलीयूरेथेन फोम, फैब्रिक, गोंद और अन्य कच्चे माल की कीमतों में तेजी के कारण गद्दे महंगे हो गए हैं। इसका सीधा असर बिक्री पर पड़ा है और बाजार में सुस्ती छा गई है।
शहर के फर्नीचर और गद्दा कारोबारियों के अनुसार पहले जो डबल बेड का सामान्य फोम गद्दा 8 से 10 हजार रुपये में बिकता था, उसकी कीमत अब 12 से 14 हजार रुपये तक पहुंच गई है। वहीं प्रीमियम और ऑर्थोपेडिक गद्दों के दामों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है।
रेलवे रोड के दुकानदार नवीन कुमार और नाहरा नाहरी रोड के दुकानदार राजेश शर्मा का कहना है कि ग्राहकों का बजट बिगड़ने से खरीदारी आधी रह गई है। गद्दा उद्योग में इस्तेमाल होने वाला पॉलीयूरेथेन फोम व प्लास्टिक आधारित कच्चा माल महंगा हो गया है। कुछ महीनों में पॉलिमर और प्लास्टिक उत्पादों की कीमतों में देशभर में तेजी देखी गई है जिससे छोटे उद्योग प्रभावित हुए हैं।
दुकानदार नवीन कुमार ने बताया कि बाजार में कई ग्राहक अब नया गद्दा खरीदने की बजाय पुराने गद्दों की मरम्मत करवा रहे हैं। कारोबारियों के अनुसार कच्चे माल की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है।
कई कंपनियों ने फोम की सप्लाई कम कर दी है जबकि ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से लागत और बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि यदि आने वाले समय में कच्चे माल की कीमतों में राहत नहीं मिली तो गद्दों के दाम और बढ़ सकते हैं।