शिक्षा विभाग की ओर से अंडर-17 वर्ग के लड़के व लड़कियों की 68वीं राष्ट्रीय हॉकी स्पर्धा का शुक्रवार को सांस्कृतिक समारोह के साथ आगाज हुआ। राजीव गांधी खेल परिसर में खेल ध्वज फहराने व खिलाड़ियों के मार्च पास्ट के बाद एडीसी नरेंद्र कुमार ने स्कूली खेल स्पर्धा का शुभारंभ किया। ग्राउंड नंबर तीन (सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल) में लड़कियों के मुकाबले हुए। पहला मैच चंडीगढ़ व हरियाणा के बीच हुआ। इसमें हरियाणा की टीम 4-2 से विजेता रही।
जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने समारोह की अध्यक्षता की। डायट प्राचार्य वीरेंद्र मलिक एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह की देखरेख में यह स्पर्धा 27 नवंबर तक चलेगी। इस खेल महाकुंभ में देश के विभिन्न प्रांतों की 60 टीमों के 1200 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एडीसी ने कहा कि वे खेलों को खेल भावना से खेलें व हर प्रकार के नशे से दूर रहें। खिलाड़ी प्रतियोगिता के दौरान नियमों का पालन करें व खेलों को मित्रतापूर्वक व्यवहार करें। शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई हरियाणावी विरासत को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए एडीसी ने सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाई।
जिला शिक्षा अधिकारी बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 1500 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसमें 1200 खिलाड़ी व टीमों के कोच एवं प्रबंधक भी शामिल हैं। शिक्षा विभाग ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 10 निगरानी टीमें गठित की हैं। डायट प्राचार्य वीरेंद्र मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। शिक्षा विभाग ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। हरियाणा टीम की कप्तान वानसी ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को नेशनल प्रतियोगिता को सच्ची खेल भावना से खेलने व खेल के सभी नियमों का पालन करते हुए मादक पदार्थों का सेवन न करने की शपथ दिलाई।
यह रहे प्रतियोगिताओं के परिणाम...
हॉकी : नवोदय टीम नहीं पहुंची, हरियाणा की लड़कों की टीम विजयी घोषित
मीडिया समन्वयक डॉ. जनक राज ने बताया कि पहले दिन छह खेल मैदानों पर हाॅकी के लीग मैचों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राजीव गांधी खेल परिसर में लड़कों के वर्ग का ग्राउंड नंबर एक पर पहला मैच मध्य प्रदेश व जम्मू कश्मीर के बीच हुआ। इसमें मध्य प्रदेश ने जम्मू कश्मीर को 10- 1 से हराया। दूसरा मैच हरियाणा व नवोदय स्कूल के बीच होना था। नवोदय स्कूल की टीम ग्राउंड पर नहीं पहुंची। इस कारण हरियाणा को बाई के जरिए विजयी घोषित किया गया। तीसरा मैच महाराष्ट्र व बिहार के बीच हुआ। इसमें महाराष्ट्र ने बिहार को 3-0 हराया। चौथा मैच दिल्ली व झारखंड के बीच हुआ। यह मैच एक-एक से बराबरी पर रहा। पांचवां मैच पश्चिम बंगाल व विद्या भारती की टीम के बीच हुआ। इसमें विद्या भारती की टीम 1-0 से विजय रही।
ग्राउंड नंबर दो (राजीव गांधी खेल परिसर) पर लड़कियों के मुकाबले हुए। पहला मैच झारखंड व तेलंगाना के बीच हुआ। इसमें 23-0 से झारखंड की टीम विजय रही। दूसरा मैच मणिपुर व पुडुचेरी के बीच हुआ। इसमें मणिपुर 7-0 से विजेता रही। तीसरा मैच महाराष्ट्र व बिहार के बीच हुआ। इसमें महाराष्ट्र 3-0 से विजेता रहा। चौथा मैच नवोदय विद्यालय समिति व तमिलनाडु के बीच हुआ। इसमें तमिलनाडु 5-0 से विजेता रहा। पांचवां मैच गुजरात व राजस्थान की टीम के बीच हुआ। इसमें गुजरात की टीम 6-1 से विजेता बनी।
लड़कियों की यूपी की टीम 14-0 से विजेता
ग्राउंड नंबर तीन (सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल) में लड़कियों के मुकाबले हुए। पहला मैच चंडीगढ़ व हरियाणा के बीच हुआ। इसमें हरियाणा की टीम 4- 2 से विजेता रही। दूसरा मैच उत्तर प्रदेश व सीबीएसई (डब्ल्यूएसओ) के बीच हुआ। इसमें यूपी की टीम 14-0 से विजेता रही। तीसरा मैच केरल व छत्तीसगढ़ के बीच हुआ। इसमें केरल की टीम 4-3 से विजेता बनी। चौथा मैच जम्मू कश्मीर व दिल्ली के बीच हुआ। इसमें दिल्ली की टीम ने जम्मू कश्मीर की टीम को 10-0 से हराया।
हिमाचल की बेटियों ने मध्य प्रदेश टीम को हराया
ग्राउंड नंबर चार (एमडीएन पब्लिक स्कूल) पर लड़कियों के मुकाबले हुए। यहां पहला मैच मध्य प्रदेश व हिमाचल की टीम के बीच हुआ हिमाचल ने 4-0 जीत दर्ज की। दूसरा मैच पश्चिम बंगाल व विद्या भारती के बीच हुआ। इसमें पश्चिम बंगाल की टीम ने 6-1 से विद्या भारती की टीम को हराया। तीसरा मैच केंद्रीय विद्यालय संगठन व उत्तराखंड की टीम के बीच हुआ। इसमें उत्तराखंड ने केंद्रीय विद्यालय समिति की टीम को 2-0 से हराया। चौथा मैच आंध्र प्रदेश व आईपीएससी के बीच हुआ। इसमें आंध्र प्रदेश की टीम 2- 1 के स्कोर से विजेता रही।
चंडीगढ़ व उत्तर प्रदेश की लड़कों की टीमें बराबरी पर रहीं
ग्राउंड नंबर पांच (बाबा मस्तनाथ स्टेडियम, बोहर) पर लड़कों के मैच हुए। यहां पहला मैच चंडीगढ़ व उत्तर प्रदेश की टीम के बीच हुआ। इसमें स्कोर 1-1 से बराबर रहा। दूसरा मैच ओडिशा व सीबीएसई (डब्ल्यूएसओ) के बीच हुआ। इसमें ओडिशा की टीम ने सीबीएसई की टीम को 14-0 से हराया। तीसरा मैच केरल व पुडुचेरी के बीच हुआ। इसमें केरल की टीम 3- 1 से विजेता रही। चौथा मैच गुजरात व उत्तराखंड के बीच हुआ। इसमें गुजरात की टीम 2-0 से विजेता रही। पांचवां मैच तेलंगाना व त्रिपुरा की टीम के बीच हुआ। यह एक-एक की बराबरी पर रहा।
पंजाब ने सीबीएसई की टीम को 8-0 से हराया
ग्राउंड नंबर छह (बाबा मस्तनाथ स्टेडियम, बोहर) पर लड़कों का पहला मैच केंद्रीय विद्यालय संगठन व मणिपुर की टीम के बीच हुआ। इसमें मणिपुर 1-0 से विजेता रहा। दूसरा मैच तमिलनाडु व आईपीएससी के बीच हुआ। इसमें तमिलनाडु की टीम 3-1 से विजेता रही। तीसरा मैच पंजाब व सीबीएसई की टीम के बीच हुआ। इसमें पंजाब की टीम ने सीबीएसई की टीम को 8-0 से हराया। चौथा मैच आंध्र प्रदेश व सीआईएसएससी के बीच हुआ। इसमें आंध्र प्रदेश 3-1 के स्कोर से विजेता रहा। पांचवां मैच महाराष्ट्र व राजस्थान की टीम के बीच हुआ। यह बराबरी पर रहा।
समारोह में ये रहे उपस्थित
समारोह में राष्ट्रीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की की पत्नी मीरा, प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी रतेंद्र सिंह, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पर्यवेक्षक अनूप शुक्ला, जिला परियोजना समन्वयक रेणु खत्री, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सुमन हुड्डा, सरिता खनगवाल, खंड परियोजना समन्वयक सुंदरलाल, डायट प्रवक्ता सुनीता अहलावत, डीएमएस दीपक, एईओ मुकेश, एईईओ राकेश सिवाच, डीपीई ओमपाल आदि मौजूद रहे।
22सीटीके04..राजीव गांधी स्टेडियम में शुक्रवार को आयोजित राष्ट्रीय हॉकी स्पर्धा में खेलते खिलाड