आम आदमी पार्टी की एक जनसभा शनिवार को महम चौबीसी के चबूतरे पर हुई, जिसका आयोजन पार्टी नेता विकास नेहरा ने किया था। सुनीता केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि पार्टी सभी 90 हलकों से चुनाव लड़ेगी। इससे साफ है कि कांग्रेस व आप के बीच गठबंधन की संभावना कम हो गई है। सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हरियाणा का बेटा, क्या बेटे का साथ नहीं दोगे। ब्यूरो
अरविंद के कामों से जलते हैं मोदी, इसलिए जेल में डाला : सुनीता केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का कहना है कि प्रधानमंत्री अरविंद के कामों से जलते हैं, इसलिए उनको झूठा केस बनाकर जेल में डाला गया है। हरियाणा का बेटा चोर नहीं, शेर है। किसी के सामने नहीं झुकेगा। सुनीता शनिवार को महम चौबीसी के चबूतरे पर पार्टी की जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
सुनीता ने कहा कि भाजपा को केवल सत्ता से प्यार है, इसलिए वो पार्टियां तोड़ते हैं और विपक्ष के नेताओं को जेल में डालते हैं। उनको समाज के काम में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा, मैं हरियाणा की बहू आपसे पूछती हूं कि क्या प्रदेश की जनता अपने बेटे का अपमान चुपचाप सहन करेगी? वे कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल चोर है। मैं कहती हूं कि अगर वे चोर हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है। सुनीता ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश में 10 साल हो गए, लेकिन न शिक्षा में सुधार हुआ और न सरकारी स्कूल अच्छे बने। भाजपा को एक भी वोट नहीं देना है।
वहीं दिल्ली और पंजाब में अरविंद केजरीवाल की पांच गारंटी काम कर रही हैं। जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बन रहे हैं। महिलाएं बसों में मुफ्त यात्रा कर रही हैं। बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा का इंतजाम किया है। अब 18 साल से ऊपर की हर महिला को एक एक हजार रुपये देने की योजना है।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का जन्म सिवानी गांव में हुआ था, लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई और परवरिश हिसार में हुई। कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद यह लड़का दिल्ली का मुख्यमंत्री बन जाएगा। ये कोई मामूली बात नहीं है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह भी कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है।
सर्वे में नहीं, सीधी सरकार में आती है आप : अनुराग ढांडा
पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि कुछ लाेग आम आदमी पार्टी को प्रदेश में कमजोर बता रहे हैं। कहते हैं, आप सर्वे में नहीं आ रही। ढांडा ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी को कमजोर समझने की ऐतिहासिक राजनीतिक भूल कर रहे हैं। इशारा मिलते ही पार्टी सभी हलकों से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब में बड़े-बड़े दिग्गजों को मात दी है। प्रदेश में भी पार्टी जीतेगी। ढांडा बोले, महम चौबीसी से जो फैसला हो जाता है, वो टलता नहीं है। जनसभा में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉक्टर अनिल रंगा, अश्वनी देशवाल, प्रवीन गुसखानी, बिजेंद्र हुड्डा, विकास नेहरा, अमित, अशोक काजल, विक्की बल्हारा, वजीर सिंह अहलावत, रामबीर बल्हारा और शिव मोहन गुप्ता भी मौजूद रहे।