रोहतक। महिला विकास निगम द्वारा प्रदेश की बीपीएल लड़कियों व महिलाओं के लिए बहादुरगढ़ तथा रोहतक स्थित चालक प्रशिक्षण संस्थानों में 21 दिन का चालक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके लिए प्रथम चरण में रोहतक, जींद, झज्जर व कैथल जिलों की पात्र उम्मीदवारों से 16 अक्तूबर 2023 तक ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किये गए हैं।
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए योग्यताएं व पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं। इनमें प्रार्थी राज्य की मूल निवासी, आयु 18 से 45 वर्ष के बीच, शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास (उच्चतर शैक्षणिक योग्यता को वरीयता दी जाएगी), अच्छी दृष्टि (रंग दृष्टिहीनता न हो) व वैध लर्नर लाइसेंस धारक हो तथा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार से हो। इसकी परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये या इससे कम हो आदि शामिल है। ऐसी लड़कियां व महिलाएं प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकती है।
इन माध्यम से जमा करवा सकते हैं फार्म
उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि आवेदन निर्धारित प्रोफार्मा अनुसार पूर्ण रूप से भरे हुए होने चाहिए। इनके साथ सभी वांछित प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित ई-मेल पंजीकृत डाक या दस्ती तौर पर स्थानीय जिला विकास भवन स्थित कमरा संख्या 224-25 में महिला विकास निगम के जिला प्रबंधक कार्यालय में जमा करवाए जा सकते हैं। निर्धारित प्रोफार्मा भी इस कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष 01262-250164 पर सभी कार्य दिवसों में संपर्क किया जा सकता है।