सीएम मनोहर लाल ने कहा कि मोदी, योगी व मनोहर का जनता ही परिवार है। सबको सम्मान मिलेगा। पार्टी प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री ने रोहतक, रेवाड़ी, फिरोजपुर झिरका, सोनीपत के नेताओं संग अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्वीटी बूरा व दीपक हुड्डा को भाजपा में शामिल कराया।
रोहतक में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी व उनका परिवार तो देश व प्रदेश की जनता है। जनता के लिए ही मेहनत करते हैं। जिस व्यक्ति को कोई समस्या है, वह उनके पास आ सकता है। क्योंकि हर समस्या का समाधान मनोहर लाल है। वे सोमवार को पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय में रोहतक, रेवाड़ी, सोनीपत व फिरोजपुर झिरका से भाजपा में शामिल होने आए नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा के लिए पावर लेनी नहीं, बल्कि छोड़नी पड़ती है। पहले सीएलयू की फाइल मुख्यमंत्री के ऑफिस में आती थी, लेकिन अब नहीं। तबादलों की फाइल पर भी उन्होंने सत्ता में आते ही रोक लगाई। खर्ची व पर्ची का कारोबार बंद किया। इसलिए उन्होंने 2014 में हरियाणा एक व हरियाणवी एक का नारा दिया। वहीं, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी, कृषि मंत्री जेपी दलाल, सांसद अरविंद शर्मा, सांसद डीपी वत्स, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
ये हुए भाजपा में शामिल
कांग्रेस के पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, फिरोजपुर के पूर्व विधायक चौधरी आजाद मोहम्मद, रेवाड़ी से 2019 में निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले प्रशांत सन्नी यादव, रेवाड़ी जिला बार के पूर्व प्रधान व जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष सतीश यादव, रोहतक आम आदमी पार्टी की व्यापारी विंग के अध्यक्ष साहिल मग्गू, किसान विंग के जिला अध्यक्ष राजकुमार फौजी, जिला परिषद सोनीपत के पार्षद तकदीर नरवाल, 2019 में मनीष ग्रोवर के खिलाफ रोहतक विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले मोहित धनवंतरी व उनके समर्थक और अंतरराष्ट्रीय महिला बॉक्सर स्वीटी बूरा व उनके पति दीपक हुड्डा भाजपा में शामिल हुए।