उधर पठानकोट में आतंकी घटना हुई और इधर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव को रोहतक में हरियाणा की पूरी सरकार जुटी थी। यहां आतंकी घटना पर दुख जताते हुए आतंक के खिलाफ सरकार के रूख को साफ किया गया। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आतंकवादी हमले के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
किसी को डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि एकजुट होकर रहना चाहिए। जिससे आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया जाए सके। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सरकार का किसी भी तरह से कोई ढिलाई नहीं है। आतंकवादियों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी और इसे जड़ से मिटाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि आतंकी घटना का सख्ती से जवाब दिया जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अनिल जैन ने कहा कि आतंकवादी भारत-पाकिस्तान के बीच सौहार्द कभी नहीं देखना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के विरोध में मुहिम चलाई हुई है।
प्रदेश प्रभारी के अनुसार पाकिस्तान के साथ शुरू हुई शांति प्रक्रिया जारी रहेगी। वहीं, सीएम मनोहर लाल खट्टर ओएसडी मीडिया राजकुमार भारद्वाज की मां सुशील प्रभा के निधन पर शोक जताने उनके गांव हसनगढ़ पहुंचे। सीएम भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्णलाल विज के निधन पर भी शोक जताने पहुंचे।