14...आर्य नगर स्थित रविदास हॉस्टल में हुई बैठक में संबोधित करते शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महाप
रोहतक। आर्य नगर स्थित गुरु रविदास हॉस्टल में शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन किया गया। महापीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरजीत कुमार ने बताया कि गुरु रविदास की जयंती पूरे भारत के सभी 800 जिलों में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के 23 जिलों में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनकी रूपरेखा शीघ्र ही जिला स्तर पर तैयार की जाएगी। इन कार्यक्रमों में शोभायात्रा, सत्संग, विचार गोष्ठी और सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजन शामिल रहेंगे।
संत शिरोमणि गुरु रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर हमें जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर समाज में एकता और सौहार्द कायम करना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता संगठन महामंत्री राजेश सुनारिया ने की। इस दौरान सर्वसम्मति से संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।
वहीं उन्होंने दुष्यंत गौतम पर लगे आरोपों को गलत मानते हुए कहा कि पहले इसकी जांच होनी चाहिए। जांच के बाद ही कोई निर्णय हो। उन्होंने कहा कि गौतम के साथ पूरी शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ खड़ी है।
बैठक में मुख्य रूप से गुरु रविदास हॉस्टल आर्य नगर के प्रधान जगबीर सिंह अहलावत, गुरु रविदास पीठ की जिलाध्यक्ष गीता आहल्याण, वार्ड-2 से निगम पार्षद आशा लता, वार्ड नंबर 4 से पार्षद रिंकू देवी, नरेंद्र कटारिया आदि मौजूद रहे।