महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में दो दिवसीय हरियाणा फिल्म महोत्सव का कल शुभारंभ किया जाएगा। 4 और 5 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम में फिल्म और राजनीति के क्षेत्र के दिग्गज शामिल होगे। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों का हरियाणवी पंरपरागत अंदाज में स्वागत किया जाएगा। इस दौरान हरियाणा कला परिषद की टीम हरियाणा का छोरा गीत की प्रस्तुति देगी।
विश्व संवाद केंद्र हरियाणा,सिने फाउंडेशन एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के सहयोग से सरस्वती वंदना और फिल्मों की स्क्रिनिंग से कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा जिन फिल्मों को एंट्री मिली है उनकी स्क्रिनिंग एवं स्क्रिप्ट टू सिनेमा की मास्टर क्लास दी जाएगी। फिल्म महोत्सव के दौरान स्वराज सदन में मास्टर क्लास, उद्घाटन, समापन, सांस्कृतिक गतिविधियां, स्मारिका विमोचन एवं पुरस्कार वितरण टैगोर थिएटर में होगा।
एमडीयू युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक प्रताप राठी ने बताया कि फिल्म महोत्सव को भव्य रूप में आयोजित करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस दौरान विभाग के कलाकारों की तीन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। हरियाणा कला परिषद के निदेशक नागेंद्र शर्मा ने बताया कि संदीप यादव की टीम की श्रृति, तनिष्का, भव्यता, पूजा, अन्नपूर्णा एवं खुशी हरियाणवी घूमर प्रस्तुति, जबकि संदीप यादव और विजय, अमन, विनय एवं अभिषेक की हरियाणवी नृत्य प्रस्तुति हरियाणा एक हरियाणवी एक पर आधारित होगी। इसके अलावा तीसरी प्रस्तुति हरियाणे का छोरा में 14 कलाकार फिल्म महोत्सव के मंच पर धमाल मचाएंगे।
आयोजन समिति के उपाध्यक्ष हरिओम कौशिक ने बताया कि मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत हरियाणा के परंपरागत अंदाज में राजेश कुमार और उनकी 10 सदस्सीय टीम करेगी। इस दौरान यह टीम गणेश वंदना,नवरात्र के दौरान माता की भेंट और स्वागत गीत गाते हुए पुष्प तिलक से अभिनंदन करेंगी।