रोहतक। जिला परिवेदना समिति की बैठक 19 मई सोमवार को जिला विकास भवन में होगी। एजेंडा में शामिल 13 शिकायतों पर पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार सुनवाई करेंगे। मंत्री 7 नई शिकायतों की सुनवाई के साथ छह पुरानी शिकायतों पर अधिकारियों से अपडेट लेंगे। साथ ही, एडीसी कलानौर खंड के गुढ़ान गांव के खेतों के रास्ते को पक्का करने के मामले की जांच रिपोर्ट देंगे।
पंचायत मंत्री सबसे पहले ओमैक्स सिटी के केस की सुनवाई करेंगे। बिल्डर को पिछली बैठक में मंत्री ने दो माह में बकाया राशि जमा कराने की हिदायत दी थी। विकास कार्यों के लिए राशि जमा न कराने पर एफआईआर की चेतावनी दी गई थी। दूसरी शिकायत रिठाल गांव की है, जहां अवैध कब्जे हटाने की शिकायत की गई थी। प्रशासन की कार्रवाई से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है, इसलिए पंचायत मंत्री ने दोबारा रिपोर्ट मांगी थी।
कमला नगर के रिहायशी इलाके में फैक्टरी चलाने की शिकायत की जांच प्रदूषण विभाग को सौंपी गई थी। अब बैठक में रिपोर्ट ली जाएगी। निगम का कहना है कि शिकायतकर्ता ने लिखकर दिया है कि वह संतुष्ट है। इस पर मंत्री ने पिछली बैठक में कड़ी आपत्ति व्यक्त की थी। कहा था कि शिकायतकर्ता को कम से कम समिति के सामने आना चाहिए। वहीं, एडीसी गुढ़ान गांव के खेतों के रास्ते में प्रयोग की गईं ईंटों की गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट समिति के सामने रखेंगे। इसके अलावा, एसपी की तरफ से महम की महिला ज्ञानो देवी की शिकायत की जांच रिपोर्ट मंत्री के सामने रखी जाएगी।
....
ये सात नई शिकायतें भी रखी जाएंगी मंत्री के सामने
: खेड़ी साध निवासी रणबीर सिंह ने शिकायत दी है कि गांव की बिजली लाइन आईएमटी से जोड़ी जाए।
: लाखन माजरा खंड के गांव गिरावड़ निवासी रामपति ने शिकायत दी है कि उसका पानी का कनेक्शन बार-बार काटा जा रहा है।
: न्यू विशाल नगर निवासी महेंद्र ने शिकायत दी है कि चिड़ी गांव स्थित जमीन की जमाबंदी 2020-21 में हिस्सा ठीक करने व खेवट एक करने की मांग की है।
: काठमंडी की प्याऊ वाली गली से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
: खेड़ी साध निवासी देवेंद्र ने गांव में पेयजल लाइन लीक होने की शिकायत दी है।
: माड़ौदी रांगड़ान निवासी एवं पूर्व पंच होशियार सिंह ने शिकायत दी है कि प्रजापत चौपाल के बीचोबीच का रास्ता बंद करने, चौपाल के पीछे रास्ता देने, सरकारी रास्ते को चौपाल में लगाने व अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।