रोहतक। सरकार चुनाव के समय जनता से किए वादों को पूरा करे। प्रतिपक्ष जनता की उम्मीदों व आकांक्षाओं को पूरा करने में पूर्ण सहयोग देगा। जनसमस्याओं को उजागर करने की अपनी जिम्मेदारी भी निभाएगा। प्रदेश की जनता इस बात का जवाब चाहती है कि कांग्रेस बेल्ट में 74 सीटों पर आगे थी, वह मशीन खुलते ही पीछे कैसे हो गई। कांग्रेस पार्टी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका पूरी मजबूती से निभाएगी। यह कहना है सांसद दीपेंद्र हुड्डा का। वे बुधवार को घिल्लौड़ कलां में श्याम मंदिर सेवा समिति, शिव मंदिर सेवा समिति की ओर से आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि बीजेपी ने चुनाव के समय महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह 2,100 रुपये देने, किसानों की उपज को एमएसपी पर खरीदने, दो लाख युवाओं को पक्की सरकारी नौकरी, पांच लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, हर घर गृहिणी योजना तहत 500 रुपये में सिलिंडर देने के वादे किए। अब तक उन पर अमल नहीं किया है। किसान मंडियों में अपनी धान की उपज को 300–400 रुपये कम भाव में बेचने को मजबूर हैं, तो खाद किल्लत के चलते थानों से डीएपी के टोकन बंट रहे हैं। किसानों को खाद के लिए कई-कई दिन, कई-कई घंटे कतारों में इंतजार करना पड़ रहा जबकि खाद की धड़ल्ले से कालाबाजारी हो रही है।