रोहतक। पीजीआई में मरीजों को लगाई जा रही एंटी रेबीज वैक्सीन गंभीर सवालों के घेरे में है। इस बार वैक्सीन लगाने के 30 मिनट बाद ही जींद की एक युवती का शरीर नीला पड़ गया। गनीमत रही कि डॉक्टरों ने मामला संभाल लिया और युवती बच गई। सकते में आए पीजीआई प्रशासन ने वैक्सीन का पूरा बैच सील कर दिया है।
जींद निवासी युवती के मुताबिक, 3 मई को गले पर कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद वह पीजीआई में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने आई थी। वैक्सीन लगने के आधे घंटे बाद वह पीजीआई के बाहर जूस पी रही थी।
तभी, शरीर नीला पड़ता नजर आया। वह तुरंत पीजीआई लौटी और डॉक्टरों को दिखाया। फौरन उसका इलाज हुआ और वह बच गई। संवाद
जांच के लिए भेजा सैंपल, नए बैच की ही देंगे वैक्सीन
डेढ़ माह में वैक्सीन लगने से केस खराब होने की घटना से पीजीआई प्रशासन में खलबली मची हुई है। युवती को जिस बैच की वैक्सीन लगाई गई थी, एहतियातन उसे सील कर दिया गया है। पुराने बैच की इस वैक्सीन को अब नहीं लगाया जाएगा। इसका सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है। अब नए बैच की वैक्सीन ही मरीजों को लगाई जाएगी।
-
वैक्सीन लगने के बाद एक बच्ची की अमेरिका में हो गई थी मौत
पीजीआई में पिछले माह एंटी रेबीज वैक्सीन लगने के 15 दिन बाद 8 साल की बच्ची की अमेरिका में मौत हो गई थी। बच्ची के दिमाग में एंटी रेबीज वैक्सीन के अंश मिले थे। इसके बाद अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने भारतीय रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (एनसीडीसी) को पत्र लिखा था। इसके बाद तीन टीमों ने पीजीआई के वैक्सीन बॉक्स को सील कर दिया था। इसका नमूना जांच के लिए लैब भेजा गया है। अभी इसकी रिपोर्ट नहीं आई है। पीजीआई ने पूरी पड़ताल के लिए अमेरिका से बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगवाई है। इसे मिलने में दो हफ्ते लग सकते हैं।
वर्जन
एंटी रेबीज वैक्सीन से रिएक्शन सामने आने पर पुराने बैच की वैक्सीन सील कर दी है। वैक्सीन के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं। एंटी रेबीज वैक्सीन का नया बैच भी आ गया है। अब उसी को लगाया जाएगा। जिस बच्ची की मौत अमेरिका में हुई थी, उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट वहां से मंगवाई है। दोनों रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे। -डॉ. वरुण अरोड़ा, जनसंपर्क अधिकारी, पीजीआई।