रोहतक। जिला अदालत के एक वकील से एप डाउनलोड करवाकर ठग ने सात बार में 64 हजार 199 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित ने पुरानी सब्जी मंडी थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
प्रताप मोहल्ला के युवक ने बताया कि वह जिला अदालत में वकील है। साथ ही निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी का काम भी करता है। एक अक्तूबर की शाम को करीब 6 बजकर 29 मिनट पर एक ट्रक के नेशनल परमिट की 16 हजार 504 रुपये फीस ऑनलाइन जमा करवाई थी। खाते से पैसे तो कट गए, लेकिन ऑनलाइन पेमेंट दिखाई नहीं दे रही थी। उसने संबंधित साइट के नंबर पर संपर्क किया। उसे बताया गया कि भारत कोष से संपर्क करें। उसने गूगल पर सर्च किया तो भारत कोष के नाम से एक मोबाइल नंबर निकला। उस पर संपर्क किया तो दूसरी तरफ से बोल रहे युवक ने कहा कि आपकी समस्या का समाधान करवा देते हैं। आपको एनी डेस्क एप डाउनलोड करनी होगी। उसने ऐसा ही किया। इसके बाद उसके अकाउंट की जानकारी मांगी गई। जैसे ही जानकारी दी, उसके खाते से पैसे कटने शुरू हो गए। पहली बार में 9999, इसके बाद पांच बार 10-10 हजार और आखिरी बार 4200 रुपये कट गए। इस तरह सात बार में उसके खाते से 64 हजार 199 रुपये निकाल लिए गए ।