12jjrp13 साल्हावास। क्षेत्र के गांव मातनहेल में मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज में लेफ्टिनेंट के
साल्हावास। गांव मातनहेल निवासी 24 वर्षीय पूनम सुहाग पुत्री जोगिंदर सिंह सुहाग ने मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज में लेफ्टिनेंट पद को प्राप्त कर मदर्स डे पर अपनी मां को एक खूबसूरत उपहार दिया है। बेटी से ऐसा उपहार पाकर मां फूले नहीं समा रही है। बेटी की इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव मातनहेल की सरपंच विजय लता ने कहा कि उन्हें अपनी इस बेटी पर नाज है, जिसने इतने बड़े पद पर पहुंचकर गांव का नाम रोशन किया है। बेटी के सम्मान में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन होगा।
पूनम सुहाग ने बताया कि 14 जनवरी को उन्होंने टेस्ट दिया था। इसके बाद 27 मार्च को दिल्ली के बेस अस्पताल में साक्षात्कार हुआ और दो दिन तक मेडिकल चलने के बाद मदर्स डे पर सूची जारी हुई है, इसमें उन्होंने सफलता अर्जित की है। वे 2 जून को असम के जोराट स्थित एयरफोर्स अस्पताल में रिपोर्टिंग करेंगी। उनकी इस सफलता में उनकी मां सुनीता देवी का संघर्ष सफल रहा है। उनकी मां सुनीता देवी राजकीय विद्यालय मातनहेल में मिड डे मील वर्कर हैं। 12 साल पहले पिता जोगिंद्र सिंह का निधन हो चुका है। मां ने अपनी बेटी को कामयाब करने के लिए हमेशा से जी तोड़ मेहनत की है। पूनम सुहाग की बड़ी बहन मंजू की शादी 2007 में हो गई थी। पूनम दूसरे नंबर की है जबकि उनका छोटा भाई निखिल ने हाल ही में 12वीं परीक्षा में पास की है। वे बड़ी बहन के पदचिन्हों पर चलते हुए मिलिट्री में जाना चाहते हैं। पूनम सुहाग ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने अध्यापकगण, अपनी माता व अपने सभी परिवार सदस्यों को दिया है।
कम्यूनिटी हैल्थ आफिसर में भी पाई सफलता
पूनम सुहाग ने बताया कि मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होने से पहले उन्होंने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद के लिए भी चयनित हो गई थी, लेकिन नर्सिंग ट्रेनिंग का सर्टिफिकेट उस समय उपलब्ध नहीं होने के कारण वे साक्षात्कार में रह गई थी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टेस्ट सीरीज को ज्वाइन कर उन्होंने इस सफलता को अर्जित किया। उन्होंने दसवीं कक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल से 92.2 प्रतिशत और 12वीं कक्षा भी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मातनहेल से 91.8 अंकों से उत्तीर्ण की है। वे तीन बार पंडित भगवत दयाल शर्मा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस की यूनिवर्सिटी टॉपर रह चुकी हैं।