श्री वैश्य व्यायाम गौशाला में दो गायों की मौत से हंगामा मच गया।
गायें कई दिनों तक मरी पड़ी रहीं और किसी ने सुध नहीं ली। गायों के शव सड़ने लगे, कई अन्य गायें भी बीमार पड़ गईं।
बृहस्पतिवार को खबर लगते ही आरएसओ सदस्य हैप्पी जांगड़ा, लावारिस पीड़ित पशु सेवा संस्थान के संचालक सहित अन्य लोग गौशाला पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने पाया कि गौशालाओं में गायों की स्थिति बेहद दयनीय है, कई गाय बीमार पड़ी हैं। अब यह मामला डीसी और आईजी के दरबार में भी उठेगा।
हैप्पी जांगड़ा के अनुसार गायों के मरने की खबर उन्हें एक परिचित से मिली। इसके बाद उन्होंने स्ट्रीट कैटल मिशन के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी पवन कुमार को इसकी सूचना दी।
वे सीएम ड्यूटी में महम गए थे। ऐसे में उन्होंने उपाध्यक्ष डॉ. जगदीश मलिक और पशु सेवा संस्थान के संचालक को जानकारी दी और उनके साथ ही गौशाला में गए।
जांगड़ा ने आरोप लगाया कि गौशाला को लाखों रुपये चंदा हर वर्ष मिलता है, इसके बाद भी गायों की स्थिति बेहद ही खराब है। डॉ. जगदीश मलिक ने गाय के शवों को उठवाया।
बीमार गायों को इलाज के लिए लावारिस पीड़ित पशु सेवा संस्थान में भेजा गया। आरोप है कि गायों की मौत चार-पांच दिन पहले ही हो गई थी लेकिन संचालकों ने इस ओर ध्यान ही नहीं दिया।
यहां काम करने वाले युवक ने भी इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। हैप्पी ने बताया कि इस मामले की जानकारी वे शुक्रवार को डीसी डीके बेहेरा और आईजी श्रीकांत जाधव को भी देंगे और कार्रवाई की मांग करेंगे।