रोहतक। गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ने से कतारें अब छोटी होने लगी हैं। हालांकि, सोमवार को अवकाश के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग व होम डिलिवरी हुई है।
छोटू राम चौक स्थित आनंद गैस एजेंसी के संचालक कमल ने बताया कि सोमवार को 97 ऑनलाइन बुकिंग हुई जबकि 200 से ज्यादा पहले की हैं। सिलिंडर की गाड़ी आ गई है। मंगलवार को गैस वितरण किया जाएगा।
वहीं, शीला बाईपास स्थित लक्ष्मी इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर भूपेंद्र ने बताया कि सोमवार को करीब 110 ऑनलाइन बुकिंग हुई हैं। वितरण मंगलवार को होगा। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार, जिले में सोमवार शाम तक 7730 सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध रहा है। 5200 की होम डिलिवरी की गई है। विभाग का दावा है कि गैस एजेंसियों पर अब भीड़ कम हो गई है और स्थिति सामान्य होने लगी है।
सांपला में उपभोक्ताओं ने की सप्लाई की मांग
सांपला। ग्रामीण क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की है। इलाके में घरेलू गैस को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उनको काफी समय तक एजेंसी पर कतार में रहना पड़ रहा है। लंबे इंतजार के बाद ही गैस मिल पाती है। दतौड़ गांव निवासी रवि, गिझी निवासी राजेश, मनोज ने प्रशासन व खाद्य आपूर्ति विभाग से गांवों में सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग की है। संवाद