झज्जर। नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने मंगलवार को पार्षद व अन्य लोगों के साथ डंपिंग साइट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काफी खामियां मिली।
चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने बताया कि घर-घर कूड़ा उठान के बाद कूड़ा रेवाड़ी रोड पर डाला जाता है, लेकिन कूड़ा डालने के साथ ही निष्पादन भी किया जाना होता है। यहां पर ठेकेदार की तरफ से सरेआम लापरवाही की जा रही है। यहां कूड़े के ढेर बनते जा रहे हैं और उसका निष्पादन नहीं किया जा रहा है। इसका निष्पादन प्रतिदिन होना चाहिए। इसके लिए ठेकेदार को नोटिस दिया जाएगा।
वह इसके बाद चेयरमैन, पार्षद मातुराम पार्क और मंगलीराम पार्क पहुंचे। इन दोनों पार्कों को संस्थाओं को देखरेख के लिए दिया गया है, लेकिन यहां भी सही काम नहीं मिला। न ही सफाई थी और न ही व्यवस्था ठीक की गई थी। चेयरमैन ने बताया कि दोनों पार्क जिस भी संस्था के पास है। यदि वह सही काम करेंगी तो ठीक है, नहीं तो उनसे ठेका लेकर दूसरी संस्था को दे दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में बाकी पार्कों का भी निरीक्षण कर रिपोर्ट ली जाएगी।
उन्होंने कई कॉलोनियों में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। कुछ जगह पर सीवरेज के कनेक्शन नहीं हो रखे थे। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहकर कनेक्शन करने को कहा। साथ ही जहां ज्यादा दिक्कत है, उसे भी ठीक कराने का आश्वासन दिया।