कच्चा बेरी रोड पर बुधवार सुबह करीब 5:35 बजे व्यापारी नेता गुलशन निझावन के चचेरे भाई दर्शनलाल को रंजिशन फल मंडी जाते समय बाइक सवारों ने गोली मार दी। इसके बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्थानीय दुकानदारों ने घायल को तुरंत पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घायल का आरोप है कि वारदात को नीरज बवाना गैंग के शूटर लक्की ने अंजाम दिया है, जो पड़ोस में ही रहता है। आरोपी हत्या के एक मामले में पंचकूला पुलिस की गिरफ्त में था। 20 अगस्त को वह अंबाला के कोविड सेंटर से फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने शूटर लक्की, उसके भाई राहुल व ममेरे भाई अक्षय के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
घायल ने बताया कि आरोपी लक्की के परिवार के साथ उसके भतीजे सचिन का पुराना झगड़ा चल रहा है। इसी रंजिश में आरोपी ने उसे गोली मारी है। वहीं, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष के लोग लघु सचिवालय में डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल से मिले। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हे।
पंचकूला, अंबाला, दिल्ली के बाद अब रोहतक पुलिस भी लक्की के पीछे
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लक्की नीरज बवाना गैंग का शूटर है। कुछ दिन पहले पंचकूला में एक बीज व्यापारी की हत्या के आरोप में उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद जब वह कोरोना संक्रमित हुआ तो उसे अंबाला के कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया। 20 अगस्त को वह अस्पताल की खिड़की की ग्रिल तोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद से ही पंचकूला और अंबाला पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। लक्की पर दिल्ली के व्यक्ति की हत्या का भी आरोप है। बुधवार को व्यापारी नेता के चचेरे भाई को गोली मारने के बाद रोहतक पुलिस भी आरोपी की तलाश में जुट गई है।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पता चला है कि आरोपी अंबाला से पुलिस कस्टडी से फरार चल रहा है। अंबाला और पंचकूला पुलिस से भी इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
- इंस्पेक्टर बलवंत सिंह, थाना प्रभारी शिवाजी कॉलोनी