सेक्टर-2 स्थित एसबीआई एटीएम बूथ के ताले तोड़ चोर सुबह 4 बजकर 32 मिनट पर चोरी एटीएम बूथ पर अंदर घुसे। इसके बाद सबसे पहले आरोपी ने सीसीटीवी कैमरे पर पेंट से स्प्रे किया। फिर गैस कटर से मशीन को काट 25.92 लाख रुपये ले उड़े। जाते समय आरोपियों ने मशीन को भी जला दिया। इस दौरान मशीन के रिजेक्ट बिन में रखे 14 हजार रुपये सुरक्षित मिले। एटीएम सुरक्षा में तैनात एसपीओ ने अपनी सफाई में कहा कि रात को उसके पेट में दर्द था। इस कारण वह करीब 4 बजकर 20 मिनट पर ड्यूटी से घर चला गया। करीब दस मिनट बाद ही चोर एटीएम में घुसते नजर आए। वारदात की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी खंगाले। इस दौरान पता चला कि कार सवार तीन चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अनुमान लगा रही है कि आरोपियों ने पहले एटीएम की रेकी की है।
सेक्टर-एक निवासी प्रदीप सूरी ने पुलिस को बताया कि वह एजीएस कंपनी में बतौर फील्ड ऑफिसर तैनात है। उनके अधिकार क्षेत्र में रोहतक, भिवानी और झज्जर एरिया के एटीएम बूथ आते हैं। बुधवार सुबह एटीएम बूथ पर तैनात कर्मचारी महेश ने सूचना दी कि शटर के ताले टूटे पड़े हैं। प्रदीप ने मामले के बारे में पुलिस कंट्रोल रूम में मामले के बारे में सूचना दी। थाना अर्बन एस्टेट प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि प्रदीप के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाई साल पहले भी 29 लाख से भरी इस एटीएम को उखाड़ ले गए थे चोर
30 जून 2018 को भी इसी तरह की एटीएम चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। चोर सेक्टर-दो मार्केट से 29 लाख रुपये से भरी एटीएम को उखाड़ ले गए थे। इसके अलावा 31 जनवरी 2018 को चोर सेक्टर 2-3 की मार्केट से 27 लाख की नकदी समेत एटीएम चोरी कर ले गए थे। 2017 और 2018 में एटीएम चोरी की वारदात ज्यादा होने के बाद तत्कालीन एसपी जशनदीप रंधावा ने एटीएम को लेकर एक सर्वे करवाया था। सर्वे में यह डाटा एकत्रित किया गया था कि किस थाना क्षेत्र में कितने एटीएम है। किस एटीएम में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे हैं और किस एटीएम में नहीं। डाटा एकत्रित होने के बाद कुछ एटीएम पर राइडर और पीसीआर की ड्यूटी लगाई थी। इसके अलावा कुछ एरिया में एटीएम पर एसपीओ तैनात किए गए थे।
22 अगस्त को सेक्टर-1 की एटीएम में हुआ था चोरी का प्रयास
22 अगस्त को चोरों ने सेक्टर-1 में एक्सिस बैंक की एटीएम तोड़कर कैश निकालने का प्रयास किया। हालांकि वह कैश चोरी नहीं कर सके थे। इसके अलावा 18 अगस्त को घिलौड़ गांव मेंह एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ का शटर उखाड़कर एटीएम को तोड़ कर मशीन के रिजेक्ट कैश बॉक्स में रखे 23 हजार रुपये चोरी किए थे।
एटीएम पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में किया बदलाव
एटीएम बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में बदलाव किया गया है। पहले 11 से 4 बजे तक पुलिसकर्मी एटीएम सुरक्षा में तैनात रहते थे। अब रात को 11 बजे से सुबह 7 बजे तक पुलिस एटीएम पर तैनात रहेगी। यह बुधवार रात से ही लागू किया गया है। वीरवार को एक मीटिंग कर रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- गोरखपाल राणा, डीएसपी मुख्यालय रोहतक।
एटीएम पर तैनात एसपीओ की ड्यूटी रात को 11 से छह बजे तक होती है। एसएचओ मोबाइल की ड्यूटी रात को 11 बजे से सुबह चार बजे तक। एसपीओ ने पेट में दर्द होने की वजह से सुबह टाइम से पहले घर जाने की बात कही है। अभी मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
- शमशेर सिंह, प्रभारी थाना अर्बन एस्टेट
सेक्टर दो में लूट के बाद जला पड़ा एटीएम - फोटो : RohtakCity