संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति 2024 की परीक्षाओं का आयोजन दिल्ली रोड स्थित सतीश पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया।
परीक्षा में शामिल होने के लिए 9वीं से लेकर 12वीं तक के 262 छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें 178 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू हुई, जो दोपहर साढ़े 12 बजे समाप्त हुई। विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में अपना भविष्य संवारने के लिए हिस्सा लिया। अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले ही स्कूल परिसर में पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों में उत्साह भी देखने को मिला। छात्रों को परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए स्कूल परिसर में जगह-जगह कक्षा में बैठक व्यवस्था के पंफ्लेट चिपकाए गए थे। परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे गए, जिसका जवाब छात्रों को पेन से ओएमआर शीट पर देना था। निगेटिव मार्किंग न होने से छात्रों को काफी राहत रही।
प्राचार्य सुरभि गोयल ने परीक्षा को किया मॉनिटर
परीक्षा के समय कोई समस्या न हो, इसके लिए स्कूल के स्टाफ ने पूरी मेहनत के साथ सहयोग किया। प्राचार्य सुरभि गोयल ने इस परीक्षा को स्वयं मॉनिटर किया। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। कहा कि अमर उजाला की तरफ से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के बारे में जब सुना तो काफी अच्छा लगा। इस छात्रवृत्ति से जरूरतमंद विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा।
परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में वाइस प्रिंसिपल रमन चावला, अध्यापिका शैली, पूजा यादव, आरती, निशा, सविता, जय बाला, सीमा का सहयोग रहा।
बेटी परीक्षा पास करेगी तो मिल जाएगी काफी मदद
रेवाड़ी निवासी रामसिंह ने बताया कि वह अपने बच्चों को लेकर यहां परीक्षा दिलाने के लिए आए हैं। आज के समय में हर किसी के पास उतना पैसा नहीं होता है कि वह अपने बच्चों को आगे तक पढ़ा सके। जयवीर ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का कार्य करते हैं। उनकी एक बेटी है जिसे वह पढ़ा लिखा कर आगे बढ़ना चाहते हैं मगर पैसों की किल्लत है जिस वजह से वह अपनी बेटी की पढ़ाई का खर्च उठा पाने में असमर्थ हैं। अगर बेटी परीक्षा पास करती है तो इससे उन्हें काफी मदद मिल जाएगी।
-
कक्षा 9वीं से 12वीं के इतने विद्यार्थी हुए शामिल-
कक्षा उपस्थित रहे विद्यार्थी
-
9वीं 43
10वीं 35
11वीं 69
12वीं 31
-
कुल: 178