फोटो :: सोनीपत के गांव कोहला स्थित कबड्डी अकादमी में केक काटकर खुशी मनाते बच्चे व प्रशिक्षक। स
सोनीपत। गांव कोहला के विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता हर क्षेत्र में हासिल की जा सकती है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर गांव का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि कबड्डी जैसे खेलों में जिला व राज्य स्तर तक पहचान बनाने वाले छात्रों ने पढ़ाई में भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं।
विद्यालय के छात्र दीपांशु ने 89.2 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में दूसरा स्थान प्राप्त किया। दीपांशु अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में स्टेट मेडलिस्ट भी रह चुके हैं। वहीं नितेश ने 89 प्रतिशत, मधु ने 87 प्रतिशत, रमन ने 83 प्रतिशत, नीलम ने 80 प्रतिशत, शुभम ने 78 प्रतिशत, अंश व यश ने 77-77 प्रतिशत तथा अंशुल ने 72 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
बच्चों की इस उपलब्धि से गांव की कबड्डी नर्सरी और विद्यालय में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों और विद्यार्थियों का स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस अवसर पर केक काटा गया और मिठाई बांटी गई।
गांव कोहला के करीब नौ विद्यार्थी कबड्डी में राज्य स्तर तक खेल चुके हैं। इन खिलाड़ियों ने यह साबित किया है कि खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण भी विकसित करते हैं, जिसका प्रभाव उनकी पढ़ाई पर भी दिखाई देता है।
कबड्डी नर्सरी की प्रशिक्षक ज्योति चहल ने कहा कि मैदान में सीखी गई मेहनत और अनुशासन ही विद्यार्थियों को शिक्षा में भी आगे बढ़ा रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर खुशी जताई और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया।
फोटो :: सोनीपत के गांव कोहला स्थित कबड्डी अकादमी में केक काटकर खुशी मनाते बच्चे व प्रशिक्षक। स