सोनीपत। तिहाड़ जेल में बंद सोनू दरियापुर के नाम से ओल्ड रोहतक रोड निवासी प्यारे पेडे़ वाले से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। वहीं प्यारे पेडे़ वाले ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कॉलर ने खुद को सोनू दरियापुर बताया है। साथ ही कहा कि रंगदारी ने देने के बदले में उसे दिल्ली आते ही जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस केस में समझौता करवा दिया है।
गोकुल के रहने वाले सागर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनकी वर्षों पुरानी दुकान ओल्ड रोहतक रोड पर प्यारे पेडे़ वाले के नाम से हैं। उसके मोबाइल पर बुधवार को एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को सोनू दरियापुर बताया। कॉलर कहने लगा कि दिल्ली में आना है तो 50 लाख रुपये सुबह दस बजे तक पहुंचा देना। जगह के बारे में बता दिया जाएगा। फिलहाल 50 लाख रुपये का इंतजाम कर दो, नहीं तो दिल्ली में नहीं आने दिया जाएगा। पीड़ित ने बताया कि मामले को लेकर वह घबरा गया। उसने परिजनों को अवगत करवाया। उसके बाद पुलिस को शिकायत दी।
एसपी ने माना मामूली मामला
सोनू दरियापुर के नाम से 50 लाख रुपये की रंगदारी मामले को पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा गोदारा मामूली मामला मान रही हैं। जिले में बढ़ते क्राइम ग्राफ को लेकर पुलिस अधीक्षक संजीदा दिखाई नहीं दे रही हैं। शिकायतकर्ता के दोस्त की मजाकिया हरकत बताकर मामले में समझौता करवाने की बात कह रही हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू दरियापुर का नाम लेकर 50 लाख रुपये की चौथ मांगने वाला शिकायतकर्ता का दोस्त बताया जा रहा है, जिसने मजाक के तौर पर अपने साथी के पास कॉल कर चौथ मांगी थी। कॉलर सरकारी नौकरी करता है, जो सरकारी विभाग में एसडीओ बताया जा रहा है। पुलिस मामले को रफा-दफा करने पर लगी हुई है।
आरोपी ने मजाक में मांगी रंगदारी
युवक ने 50 लाख रुपये की रंगदारी फोन पर मांगने की शिकायत दी थी। कॉलर का पता लगाया तो वह उसका दोस्त मिला है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। युवक ने मजाक के तौर पर फोन कर नकदी की डिमांड की थी। कॉलर को हिरासत में लिया गया था, बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया।
-प्रतीक्षा गोदारा, पुलिस अधीक्षक सोनीपत।