हरियाणा के महम क्षेत्र के विधायक बलराज कुंडू, उनके भाई शिवराज कुंडू और दो अन्य के खिलाफ 14 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सेक्टर-51 निवासी ठेकेदार परिवर्तन सिंह का कहना है कि रुपये मांगने पर विधायक और उनका भाई उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सेक्टर-50 थाना पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद हाशिम व वीके लांबा को भी नामजद किया है।
परिवर्तन सिंह ने बताया कि विधायक बलराज कुंडू के भाई शिवराज कुंडू की निर्वाणा कंट्री गुरुग्राम के सेक्टर-50 स्थित केसीसी बिल्डकॉन कंपनी ने उन्हें साल 2017 में मध्य प्रदेश में सड़क बनाने का ठेका 75 करोड़ रुपये में दिया था। उन्होंने 26 सितंबर 2017 को काम शुरू कर दिया। उनकी कंपनी ने 9 अक्तूबर 2020 तक करीब 55 फीसदी काम पूरा कर केसीसी बिल्डकॉन को 41 करोड़ रुपये के बिल भेजे। उन्हें केवल 27 करोड़ रुपये दिए गए।
शेष 14 करोड़ रुपये मांगने पर शिवराज उन्हें धमकाने लगे। उन्होंने रिपोर्ट में कहा कि बकाया के लिए दबाव बनाया तो विधायक बलराज कुंडू, कंपनी के अधिकारी मोहम्मद हाशिम, वीके लांबा ने उन्हें धमकाया। चारों ने मिलकर उनको जान से मारने की धमकी भी दी। परिवर्तन सिंह ने कहा कि विधायक अपने पद का रुतबा दिखाते हुए उन पर दबाव बना रहे हैं और बकाया के भुगतान से मना कर रहे हैं।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-50 थाने में षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- केके राव, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम
मैंने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ी है। सरकार की गलत नीतियों का लगातार विरोध कर रहा हूं। इसी द्वेष भावना से मुझ पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। इन झूठे मुकदमों से डरने वाला नहीं हूं। सत्य के साथ लगातार आगे बढ़ता रहूंगा।
- बलराज कुंडू, महम विधायक