थाना लाखनमाजरा में गुरुग्राम निवासी युवक और उनकी पत्नी पर ईंट से हमला किया गया और विरोध करने पर पिस्टल तानकर जान से मारने की भी धमकी दी गई। कार सवार युवकों ने शराब पीकर करीब पांच किमी तक फॉर्च्यूनर गाड़ी का पीछा किया। हालांकि, पुलिस को सूचना दी तो आरोपी मौका पाकर भाग गए। पुलिस ने टोल प्लाजा से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुग्राम के सेक्टर-77 निवासी अक्षय शर्मा 22 दिसंबर को पत्नी के साथ रोहतक आए थे। जब वह टोल प्लाजा चांदी रोड के पास पहुंचे तो आई-20 कार ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। काफी दूर तक हूटिंग की और करीब 5 किमी तक पीछा किया। जब उन्होंने गाड़ी को दौड़ाया तो आरोपियों ने कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रोक दी। एक युवक ने ईंट से हमला कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि दूसरे ने पिस्तौल दिखाकर उनको जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। इस पर पुलिस को सूचना दी तो आरोपी कार सवार मौका पाकर भाग गए। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चार युवकों के खिलाफ शराब पीकर गाड़ी पर हमला करने और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है।