सांपला (रोहतक)। सांपला नगर पालिका के पूर्व पार्षद शिवकुमार रंगीला ने कस्बे में मंगलवार रात को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा लापता हैं...के पोस्टर लगाए। लिखा-यदि किसी को दिखाई दें या मिलें तो कृपया सांपला की जनता को सूचित करें।
पूर्व पार्षद शिवकुमार रंगीला ने वीडियो जारी कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई हलके से विधायक हैं जबकि उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा रोहतक से लोकसभा सांसद हैं। सांपला कस्बे के वार्ड एक, दो, आठ व 13 में पानी भरा हुआ है। 300 से 400 घर डूबे हुए हैं।
इसके बावजूद हुड्डा पिता-पुत्र लोगों के बीच नहीं आ रहे हैं। न ही जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं। आज लोगों को विधायक व सांसद की जरूरत है। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आसपास के गांवों में आए और चले गए।
किसानों की फसलें डूबी हुई हैं। सरकार के पास पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए उन्होंने पोस्टर लगाए हैं। रंगीला का कहना है कि लोगों को हुड्डा-पिता मिलें तो बताना-सांपला में जाकर लोगों का दर्द सुनें और समस्याएं दूर करवाएं।
बेरी व गोहाना से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं पूर्व पार्षद शिवकुमार रंगीला
पूर्व पार्षद शिवकुमार रंगीला मूलरूप से झज्जर के बेरी कस्बे के रहने वाले हैं। अब काफी समय से सांपला में रह रहे हैं। 2014 से 2019 तक सांपला नपा के पार्षद रहे हैं। 2019 में बेरी व 2024 में गोहाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। रंगीला का कहना है कि 2014 से पहले मैं कांग्रेस कार्यकर्ता था। इसके बाद 2019 तक सांपला नप के वार्ड दो से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। अब मेरा किसी दल से संबंध नहीं हैं। केवल सामाजिक कार्यकर्ता हूं।
.....
विरोधी राजनीतिक दल की ओर से प्रेरित भ्रामक पोस्टर प्रतीत हो रहे हैं : रंगा
कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के जिला अध्यक्ष बलवान सिंह रंगा का कहना है कि पूर्व सीएम हुड्डा व सांसद दीपेंद्र के फोटो का गलत प्रयोग किया गया है। ऐसे पोस्टर पूरी तरह भ्रामक, असत्य एवं अनुचित हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि ये किसी विरोधी राजनीतिक दल की ओर से प्रेरित भ्रामक पोस्टर हैं। 6 सितंबर को हुड्डा ने सांपला खंड के जल प्रभावित गांवों का दौरा किया था। जिला कांग्रेस कमेटी इस कृत्य की निंदा करती है। पूरे मामले को लेकर पार्टी कानूनी कार्रवाई करने के विषय में विचार कर रही है।