संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जिले में 17 जोन के 34 शराब ठेकों की तीसरी बार शुक्रवार को बोली लगाई जाएगी। जिले में नए ठेके खोले जाने हैं। इसके लिए विभाग की नीलामी प्रक्रिया जारी है। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग व धमकी देने के चलते इन ठेकों की बोली नहीं हुई है।
26 मई को भालौठ जोन व 20 मई को महम जोन के ठेके पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। यहां ठेके लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। बदमाशों की दहशत से आबकारी विभाग की ठेकों के लिए बोली में ठेकेदारों ने रुचि नहीं दिखाई। महम के एक जोन की बोली लगाई जा चुकी है। वहीं, एक जोन बदमाशों की दहशत के कारण अभी भी खाली है।
भालौठ जोन के ठेके पर फायरिंग के बाद शराब कारोबारी दहशत में हैं। यही वजह है कि वे इनकी बोली लगाने से कतरा रहे हैं। कारोबारी ठेके की बोली लगाने के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। जिले में ठेकों पर बदमाशों के गैंग हावी हैं।
जिले में आबकारी विभाग की ओर से दो बार ठेकों की बोली लगवाई जा चुकी है। 34 ठेके नहीं उठने के वजह से तीसरी बार शुक्रवार को बोली लगवाई जाएगी।
- रीना नरवाल, इंस्पेक्टर, आबकारी विभाग।