फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के पांच जलघरों की बढ़ानी थी क्षमता, दो साल बाद भी काम पूरा नहीं

विज्ञापन
नगर निगम कार्यालय में पार्षदो व अधिकारियों के साथ बैठक करते निगम आयुक्त। संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
नगर निगम के अधिकारियों का कामकाज संतोषजनक नहीं है। मंगलवार को दोपहर मेयर व सात पार्षद निगम आयुक्त से मिले और अधिकारियों के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए। मेयर ने कहा कि दो साल पहले शहर के पांच जलघरों की क्षमता दोगुनी होनी थी, लेकिन अभी तक काम लटका हुआ है। आयुक्त ने इंजीनियर ब्रांच के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 31 मार्च तक काम पूरा करने की हिदायत दी। शहर के कई इलाकों में आखिरी छोर तक पानी नहीं पहुंच पाता है। इस कारण नगर निगम ने दो साल पहले प्रस्ताव पास करके शहर के पांच जलघरों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया था। इसके लिए डी प्लान के तहत पिछले साल वार्ड नंबर 20 के कन्हेली, वार्ड 18 के पालिका कॉलोनी, वार्ड 19 के पटेल नगर, वार्ड 8 के सुखपुरा चौक व वार्ड 4 के माता दरवाजा चौक जलघर के वाटर टैंक तो बना दिए थे। जबकि डेढ़ करोड़ की लागत से 31 मार्च 2021 तक पेयजल लाइन बिछाने का काम पूरा करना था। मेयर ने निगम आयुक्त को बताया कि समय सीमा पूरी होने में मात्र 21 दिन बचे हैं, लेकिन एक भी लाइन का काम पूरा नहीं हुआ है। अगर समय पर लाइनों का काम पूरा हो जाए तो गर्मी के सीजन में उन घरों तक भी पानी पहुंच सके, जहां हर जलघर क्षेत्र में 200 से 250 परिवार पानी से किल्लत झेल रहे हैं।
विज्ञापन

जन्म व मृत्यु शाखा नहीं बना रही प्रमाण पत्र, कर्मचारी का तबादला
उधर, लघु सचिवालय स्थित जन्म एवं मृत्यु शाखा के एक कर्मचारी का नगर निगम ने तबादला करने का आदेश दिया है। मंगलवार को आयुक्त से मिलने पहुंचे डिप्टी मेयर अनिल कुमार व पूर्व पार्षद अशोक खुराना ने बताया कि शाखा के कर्मचारी बेवजह लोगों को चक्कर कटवा रहे हैं। पूर्व पार्षद ने लिखित शिकायत में बताया कि झंग कॉलोनी निवासी पुष्पलता का 22 दिसंबर 2020 को देहांत हो गया था। उसकी बेटी पूर्णिमा मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शाखा में आवेदन किया था। पहली बार शाखा ने इस आधार पर आवेदन रद्द कर दिया कि मृतका का परिवार पहचान पत्र में नाम नहीं है। परिवार पहचान पत्र में नाम लिखवाकर दोबारा आवेदन किया गया। दूसरी बार कहा गया कि एएनएम की रिपोर्ट में त्रुटि है। इसके अलावा झंग कॉलोनी निवासी तरुण कुमार का देेहांत एक जनवरी को 2021 को हो गया था। उनके नाम का मृत्यु प्रमाण पत्र भी परिवार पहचान पत्र न होने के कारण रद्द कर दिया गया। बाद में सुविधा शुल्क देने पर प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। पूर्व पार्षद ने कहा कि श्मशान भूमि की पर्ची, पड़ोसियों की गवाही, निगम पार्षद की रिपोर्ट व प्रमाण पत्र, श्मशान भूमि के रजिस्टर की हस्ताक्षरित कॉपी व एएनएम की रिपोर्ट गलत है तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए या संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। निगम आयुक्त ने सीएमओ को पत्र लिखकर कर्मचारी का तबादला कराने का भरोसा दिया। देर शाम संबंधित कर्मचारी का तबादला कर दिया गया।
नगर निगम के अधिकारी गंभीरता से अधूरे काम नहीं करवा रहे हैं। कार्यालय में बैठकर योजना बनाने की जगह धरातल पर जाकर जांच पड़ताल करनी चाहिए। कॉलोनियों में स्थित पांच जलघरों की क्षमता दोगुनी करने का काम अब तक अधूरा पड़ा है। निगम आयुक्त के सामने मामला रखा गया है। उन्होंने जल्द सख्त कदम उठाने का भरोसा दिया है।
विज्ञापन

- मनमोहन गोयल, मेयर, नगर निगम
कॉलोनियों में स्थित पांच जलघरों का काम पैसे की कमी के चलते रुका हुआ है। 31 मार्च से पहले उसे पूरा करवा दिया जाएगा। मेयर को इसका आश्वासन दिया है। दूसरा, जन्म व मृत्यु शाखा के कर्मचारी का तबादला कर दिया गया है।
विज्ञापन

- प्रदीप गोदारा, आयुक्त, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें