बालाजी मिष्ठान भंडार जहां से मिठाइयां व नकदी चोरी हुई। संवाद
सांपला। रेलवे स्टेशन मंडी के पास चोर मंगलवार रात पांच दुकानों के ताले तोड़कर हजारों की नकदी ले उड़े। पुलिस ने हलवाई महेंद्र सिंह, किराना मालिक लाल व चाय विक्रेता गुल्लू के बयान पर चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है।
बालाजी मिष्ठान भंडार के संचालक महेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह शटर का ताला टूटा मिला। दुकान में रखे सात हजार रुपये चोरी मिले। चोरों ने मिठाइयां भी ले गए। लाल की किराना की दुकान का शटर तोड़ कर तीन हजार रुपये व गुल्लू की चाय की दुकान से भी सामान ले गए।
रात 1:20 बजे गश्त पर आई थी पुलिस की गाड़ी, इससे पहले हो चुकी थी चोरी
कपूर मेडिकल स्टोर का एक तरफ का ताला टूटा मिला। चोरों ने ढाबा संचालक हरीश की बाहर रखी अंगीठी से सरिया निकालकर दुकानों के शटर तोड़े। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे जांचे। इनमें आधी रात को एक युवक घूमता नजर आ रहा है। पुलिस की गाड़ी रात 1:20 बजे मंडी में राउंड लगाने आई थी। तब तक चोर वारदात को अंजाम देकर जा चुके थे।
होटल के बाहर से बाइक चोरी
सांपला। नेशनल हाईवे नंबर 9 चुलियाणा मोड़ के पास एक होटल के बाहर खड़ी बाइक अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। पुलिस ने बाइक मालिक गांधरा निवासी मंदीप के बयान पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने कहा है कि वह अपनी बाइक से चुलियाणा मोड़ स्थित ढाबे पर गए थे। बाहर आए तो बाइक नहीं मिली। संवाद