झज्जर रोड स्थित जलघर-2 में निगम ने कराया बूस्टर निर्माण। संवाद
रोहतक। पेयजल संकट के दौरान करीब पांच कॉलोनियों काे अगले महीने राहत मिलने की उम्मीद है। झज्जर रोड स्थित जलघर में नगर निगम की ओर से बनाए गए बूस्टर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इससे करीब 5000 लोगों को पेयजल किल्लत से राहत मिलेगी।
कन्हेली रोड, एकता कॉलोनी, आंबेडकर कॉलोनी, राजीव कॉलोनी व छोटूराम कॉलोनी में पानी नहीं पहुंचता है। इन कॉलोनियों को हर बार गर्मियों में पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ता है। फिलहाल, इन कॉलोनियों में झज्जर रोड जलघर-2 से झज्जर चुंगी, सर्कुलर रोड और कन्हेली रोड पाइपलाइन से होते हुए पानी पहुंचता है।
लंबा घुमाव होने से इन कॉलोनियों में प्रेशर से पानी नहीं पहुंचता, जबकि जलघर-2 के पीछे ही ये कॉलोनियां हैं। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया झज्जर रोड स्थित जलघर-2 के अंदर नगर निगम ने करीब 435 लाख की लागत से बूस्टर का निर्माण करवाया है। बूस्टर में बिजली कनेक्शन लगना शेष है। तीन मोटरें लगाई जा चुकी हैं। विभाग की ओर से पाइपलाइन कनेक्शन के लिए बूस्टर पर नए पाइप आ चुके हैं। पाइपलाइन कनेक्शन कर अगले महीने तक बूस्टर चालू कर दिया जाएगा।