लाढ़ोत रोड पर पीने के पानी को लेकर होटल के बाहर फाइनेंसर और आढ़ती के बीच कहासुनी हो गई। हवाई फायर तक किया गया। इस संबंध में सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सुखपुरा निवासी दिनेश उर्फ बंटी ने दी शिकायत में बताया कि वह सब्जी मंडी में आढ़त का कार्य करता है। पांच साल से उसने सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्तौल ले रखी है। तीन मई की रात को वह अपने चचेरे भाई विशांत के पास लाढ़ोत रोड स्थित होटल में गया था। वहां विशांत के साथ आशीष भी था। रात 12 बजे तीनों कमरे में आराम कर रहे थे। तभी नीचे होटल का दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। नीचे जाकर देखा तो होटल के नजदीक फाइनेंस कार्यालय चलाने वाले रोमिल निवासी मकड़ौली था। साथ में अमल व विक्रम भी मिले। जब उनसे पूछा कि इतनी रात को शटर क्यों खटखटा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि पीने का पानी लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि पानी लेना तो ठीक है, लेकिन जोर-जोर से शटर क्यों बजाया। इस बात को लेकर रोमिल व उसके साथियों के साथ कहासुनी हो गई। रोमिल ने पिस्तौल निकाला और विशांत की छाती पर लगाकर धक्का दे दिया। हाथापाई व धक्कामुक्की होने पर अमन अपने कार्यालय से बिट्टे लेकर आ गया और हमला बोल दिया। उसने बचाव में हवाई फायर किया। इसके बाद रोमिल व उसके साथी चले गए।