रोहतक डी पार्क में आग बुझाते दमकल कर्मी
- फोटो : संवाद
डी पार्क की गोल मार्केट की दुकानों में मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे लगी भीषण आग के दौरान व्यापारी और दो कर्मियों की मौत दम घुटने से हुई थी। यह पुष्टि जूता व्यापारी सौरभ उर्फ रोहित व कर्मचारी कपिल और अमन के शवों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। सिविल अस्पताल के तीन सदस्यीय चिकित्सकों के बोर्ड ने शवों का पोस्टमार्टम करने के साथ तीनों के डीएनए भी सुरक्षित रख लिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद जूता व्यापारी के शव का गोहाना अड्डा और दोनों कर्मियों के शवों का जींद रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, आग लगने के 24 घंटे बाद भी दुकानों से रह-रहकर उठता धुआं बुधवार दोपहर बाद तक दमकल टीम के लिए चिंताजनक बना रहा। यही नहीं प्रशासन ने हादसे की वजह से हुए नुकसान का आकलन व अन्य की जांच व पुष्टि के लिए एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी है। शहर के सबसे व्यस्त बाजार डी पार्क की गोल मार्केट की दस दुकानों में मंगलवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड की आग बुधवार दोपहर बाद तक भी ठंडी नहीं हुई।
दुकानों से रह-रहकर आग की लपटें व धुआं उठता रहा। इसकी वजह से दमकल की टीम लगातार आग बुझाने के लिए वहीं रही। पिछले 24 घंटे में दमकल की 50 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। इसके चलते घटनास्थल दिनभर सील रहा। यहां बेरिकेड्स लगाकर आवागमन को रोकन दिया गया है। किसी को भी इस रास्ते पर आने-जाने नहीं दिया जा रहा है।