बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-6 मार्केट में स्थित एससीएफ में एक दुकान की छत पर लगे मोबाइल टावर के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट बताया गया है। कुछ ही मिनटों में आग टावर तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग भड़कने के बाद एहतियातन के तौर पर आसपास की बिल्डिंग को भी अग्निशमन और पुलिस द्वारा खाली कराया गया। करीब आधे घंटे बाद अग्निशमन विभाग ने आग को काबू किया। आग सुबह पौने दस बजे लगी थी।
शनिवार की सुबह सेक्टर-6 स्थित मार्केट में एससीएफ में ग्राउंड फ्लोर पर दुकान बनी है तो प्रथम तल पर मकान। इसके ऊपर मोबाइल टावर लगाया गया है। इस टावर के केबिन में शनिवार की सुबह पौने 10 बजे आग लग गई। लोगों ने केबिन से धुआं उठता देखा तो आसपास के दुकानों को सूचित किया। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को मोबाइल टावर के केबिन में आग लगने की सूचना दी। जब तक अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने के लिए पहुंची। तब तक टावर और केबिन जल चुका था। जिस बिल्डिंग में यह मोबाइल टावर लगाया गया है वह सेक्टर-6 निवासी रामनिवास का है। वे भी मौके पर पहुंचे।
बड़ा हादसा न हो, आसपास की बिल्डिंग को भी कराया खाली
थाना सेक्टर-6 प्रभारी महेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। बड़ा हादसा न हो, इसको लेकर आसपास की बिल्डिंग को भी खाली कराया। हालांकि अग्निशमन विभाग के दस्ते ने आग को आधा घंटे में ही काबू कर लिया। आग लगने के दौरान आसपास के लोगों में हड़कंप मचा रहा। एसएचओ महेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, कि कैसे मोबाइल टावर केबिन में आग लगी।
-फोटो 53 : सेक्टर-6 मार्केट में छत पर लगे टावर में आग के बाद जली केबल व अन्य सामान।
-फोटो 54 : टावर में लगी आग को बुझाने के लिए पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी।