13सीटीके51...एलिवेटेड रोड पर चलती कर में लगी आग। संवाद
रोहतक। मंड़ी में धान बेचकर घर जा रहे किसान की चलती गाड़ी में बुधवार को शहर के एलिवेटेड रोड पर अचानक आग लग गई। किसान ने कार से कूदकर जान बचाई। चंद मिनट में कार धू-धू कर जलने लगी। आनन-फानन दमकल विभाग को सूचना दी। जिसके बाद गाड़ी में लगी आग को दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बुझाया। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जल गया।
बलभ गांव निवासी किसान राहुल बुधवार को मंड़ी में धान बेचने के लिए गया था। शाम करीब 6 बजे जब वापस घर जाने लगा तो एलिवेटेड रोड के पास उसकी एक्सेंट कार में अचानक धुंआ उठने लगा। चंद सेकेंड में ही धुंआ इतनी तेज फैला कि गाड़ी द बर्निंग कार बन गई। आनन-फानन राहुल ने कार की खिड़की खोलकर किसी तरह जान बचाई। कार के डेस बोर्ड में कुछ सामान और रुपये भी जल गए। उसने दमकल विभाग को सूचना और चंद मिनट में कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जब तक कार का आगे वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कार में आग लगने के बाद एलिवेटेड रोड पर यातायात रोकना पड़ा। जिससे करीब आधा घंटे तक वाहन जहां के तहां खड़े रह गए। दमकल विभाग अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट है। हालांकि जांच के बाद ही पता चलेगा कि आग कैसे लगी।