जली हुई दुकान पर पहुंचे भाजपा नेता
सांपला। कस्बे में कपड़े की दुकान में आग लगने से दुकानदार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। शनिवार को भाजपा नेताओं ने जली हुई दुकान का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दुकानदार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
अमित कुमार की बाजार में कपड़े की दुकान है। शुक्रवार देर शाम शाॅर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई थी। इसमें ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। शनिवार को जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, मार्केट कमेटी चेयरमैन उदयभान मलिक, नगर पालिका चेयरमैन प्रवीन कोच, जोगेंद्र कोच, कपिल खत्री सहित अन्य नेताओं ने पीड़ित दुकानदार को समझाया।
मार्केट कमेटी चेयरमैन उदयभान मलिक ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर नुकसान के बारे में जानकारी दी और आर्थिक सहायता देने की मांग की है। अमित का कहना है कि वह शाम को दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर शाम आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा मुझे सूचना दी।
दुकान आकर देखा तो लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। इससे दूसरी दुकानों में आग फैलने से रुक गई।