महम। कस्बे में हवा प्रदूषित हो चुकी है। हवा में धूल और धुएं के कण की वजह से सांस लेना दूभर हो गया है। लोगों की आंखों में जलन हो रही है। इस पर संज्ञान लेते हुए राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के अंदर व बाहर चल रही कबाड़ की दुकानों की जांच की जाए।
दुकान पर कबाड़ में आग लगी मिले तो जिम्मेदार दुकानदार के खिलाफ एफआईआर कराई जाए। इसके अलावा अन्य नागरिक भी कूड़ा-करकट काे आग के हवाले कर देते हैं। सांसद जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से खरीदी गई मशीन का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
सांसद ने कहा कि महम कस्बे के स्ट्रॉम वाटर की निकासी के लिए 38 लाख रुपये का टेंंडर लगाया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने रेलवे स्टेशन तक जाने वाले रास्ते को भी पक्का कराने का वादा किया। विभाग के एसडीओ सुरजीत मलिक ने बताया कि यह गाड़ी जहां पर सीवरेज जाम की स्थिति बनती है वहां पर जाकर खोलने के काम आएगी।
गाड़ी खरीदने का 45 लाख रुपये का टेंडर था। यह मुख्य कार्यालय की ओर से मुहैया कराई गई है। इस मौके पर सत्यप्रकाश बिसला, नपा चेयरपर्सन भारती पवार, फतेह सिंह पवार, नपा उपप्रधान बसंतलाल गिरधर, ब्लॉक समिति अध्यक्ष नवनीत राठी व अन्य मौजूद रहे।