रोहतक। रुड़की गांव की महिला को ऑटो रिक्शा में बैठाकर उसके मायके छोड़ने जा रहे ऑटो चालक सांघी निवासी सोनू पर महिला के पति व भाई ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। रास्ते में मदीना गांव के पास वारदात हुई।
बहुअकबरपुर थाने में सोमवार को लिखाई एफआईआर में सांघी गांव निवासी सोनू ने बताया कि वह शहर में ऑटो रिक्शा चलाते हैं। 21 मार्च को बस स्टैंड से सांघी जा रहे थे। रास्ते में गोहाना गोल चक्कर पर रुड़की गांव की महिला अपने बच्चों के साथ मिली। महिला ने कहा कि उसे अपने मायके सीसरखास गांव जाना है। वह उन्हें छोड़ने चल पड़े।
जब मदीना गांव के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर सवार होकर महिला का पति व उसका साला आए। दोनों ने चालक व महिला के साथ मारपीट की। ऑटो रिक्शा में भी तोड़फोड़ की। भीड़ ने किसी तरह उन्हें छुड़वाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके खुद की पत्नी के साथ अच्छे संबंध नहीं हैं। दोनों के बीच अदालत में भी केस चल रहा है। ब्यूरो