दिल्ली रोड पर कांप्लैक्स में पार्किंग को लेकर क्लीनिक संचालक व कैफे संचालक के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि कैफे संचालक ने क्लीनिक में डॉक्टर सहित तीन लोगों से मारपीट की। इस संबंध में कैफै संचालक व उसके साथियों के खिलाफ अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक क्लीनिक संचालक डॉक्टर संदीप ने दी शिकायत में बताया कि दिल्ली रोड स्थित निजी कांप्लैक्स में उसका क्लीनिक हैं। साथ ही कांप्लैक्स के बेसमेंट में कैफे चलता है। कैफे में आने वाले ग्राहक रास्ते में वाहन खड़े करते हैं, इससे क्लीनिक का रास्ता बंद हो जाता है। उसने कई बार कैफे संचालक साहिल उर्फ बच्ची को कहा, लेकिन वह अमल करने की जगह बहस करता है। 3 मई की शाम पांच बजे कैफे के एक ग्राहक ने रास्ते में वाहन खड़ा करने पर उसने टोक दिया। इस पर कैफे संचालक ने उसके साथ बहस की और धमकी देने लगा। थोड़ी देर बाद बच्ची 10-12 युवकों के साथ क्लीनिक में आया और मारपीट शुरू कर दी। उसके साथ जगमोहन व सुमित के साथ भी मारपीट की गई। दोनों को ज्यादा चोटें आई हैं।