रोहतक। भारत सरकार की ओर से कृषि क्षेत्र में किए जा रहे मुक्त व्यापार समझौतों के खिलाफ किसान मोर्चा 13 अगस्त को विरोध प्रदर्शन करेगा। किसान अधिकारियों ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना के खिलाफ 31 अगस्त को नरवाना में राज्यस्तरीय सम्मेलन किया जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा ने पंडित श्रीराम शर्मा पार्क में शुक्रवार को प्रदेशस्तरीय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता इंद्रजीत सिंह, सत्यवान व मास्टर सतीश ने की। मीटिंग में किसान मोर्चा ने सरकार से जलभराव के क्षेत्रों में पानी की निकासी करने, क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलकर नुकसान दर्ज करने, किसानों की बर्बाद फसलों का मुआवजे देने, खाद की किल्लत को दूर कर किसानों को खाद उपलब्ध करवाने की मांग पूरा करने और 10 साल पुराने ट्रैक्टरों पर प्रतिबंध लगाने का विरोध किया है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता इंद्रजीत सिंह ने कहा कि ट्रंप सरकार कृषि क्षेत्र में भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते करना चाहती है, जो आने वाले समय में भारत के किसानों को उजाड़कर रख देगा। इन समझौतों का पूरे देश में किसान विरोध कर रहे है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता सुमित ने बताया कि इन कृषि समझौतों के खिलाफ गांव-गांव जाकर प्रचार करेंगे। 13 अगस्त को सभी तहसील व जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए ट्रंप और मोदी सरकार के पुतले दहन करेंगे।
प्रीत सिंह अहलावत ने बताया कि बिजली संशोधन कानून के माध्यम से बिजली विभाग को निजी हाथों में सौंपने और प्रदेश में स्मार्ट मीटर योजना को लागू करने से किसानों में विरोध है। इससे ठीक चलने वाले मीटरों को बदलकर स्मार्ट और रिचार्ज मीटर लगाया जाएगा।
इस मौके पर बैठक में जोगेंद्र नैन, रणवीर मलिक, सुरेश कोथ, कुलदीप पूनिया, विकास सीसर, डॉ. सुखदेव जम्मू, हरजिंदर नानूआना, रवि आजाद, प्रेम गहलावत, कर्मबीर दहिया व रणधीर धामड आदि शामिल रहे।