रोहतक। जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधारने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) और मेरा पानी-मेरी विरासत योजना संचालित कर रही है। डीएसआर योजना के तहत किसानों को 4,500 रुपये और मेरा पानी-मेरी विरासत योजना में पात्र किसानों को 8,000 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिले में डीएसआर योजना के तहत 10 हजार एकड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 28 जून तक मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कर धान की सीधी बिजाई का विकल्प चुनना अनिवार्य है।
किसानों से दोनों योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत वे किसान पात्र होंगे जिन्होंने पिछले चार वर्षों में अपने खेत में धान का पंजीकरण कराया था। इस वर्ष धान की जगह मक्का, कपास, खरीफ दलहन (अरहर, मूंग, मोठ, उड़द, ग्वार, सोयाबीन), खरीफ तिलहन (तिल, कैस्टर, मूंगफली), चारा फसलें, खरीफ प्याज, बागवानी, सब्जियां अपनाई हैं या खेत खाली रखा है। ऐसे किसानों को 8,000 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।