रोहतक। अखिल भारतीय किसान सभा ने सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड निकाली। एमएसपी की कानूनी गारंटी, बिजली स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने समेत अन्य लंबित मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में किसानों ने परेड में भाग लिया।
तिरंगा लगे ट्रैक्टरों पर सवार होकर किसानाें का काफिला शहर की मुख्य सड़कों से गुजरा। ट्रैक्टर परेड से पहले अनाज मंडी में सभा की गई। यहां किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह व सीटू महासचिव जयभगवान ने किसानों की समस्या उठाई।
किसान सभा जिला सचिव सुमित दलाल ने कहा कि केंद्र सरकार के लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने लंबे समय तक धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद सरकार को कानून वापस लेने पड़े। उन्होंने कहा कि इसी संघर्ष की याद व किसानों की एकता बनाए रखने के उद्देश्य से हर वर्ष गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर मार्च निकालने का निर्णय लिया गया है।
यह मार्च सरकार के प्रति विरोध और चेतावनी का प्रतीक है ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा कानून न लाया जाए। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए। उनकी आय बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
मार्च के दौरान किसान अनुशासन में नजर आए और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी। पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ट्रैक्टर परेड की संयुक्त अध्यक्षता प्रीत सिंह, विनोद देशवाल, रणधीर धामड व जोगेंद्र दलाल ने की। इस मौके पर सुनील मलिक, सुमित, रणधीर सिंह, सतबीर सोरखी, संदीप सिंह, चांद नरवाल, रोहतास, राकेश, अशोक राठी, विजय समेत अनेक किसान मौजूद रहे।