संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। संयुक्त किसान मोर्चा के विरोध प्रदर्शन में किसान नेता सुमित दलाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस देश में पुलिस राज स्थापित कर दिया है।
राजीव गांधी स्टेडियम स्थित भाजपा मंगल कमल कार्यालय के बाहर संयुक्त किसान मोर्चा के अखिल भारतीय किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन, किसान मजदूर मोर्चा, किसान प्रतिष्ठा मंच, भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्रों की ओर से नीट मामले में कार्रवाई व आवाज उठाने पर लाठीचार्ज करने के मामले में भाजपा सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। सुमित दलाल ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर आवाज उठाता है तो उसके घर पुलिस पहुंच जाती है।
उन्होंने कहा कि इन हमलों से हम डरेंगे नहीं चाहे गिरफ्तारी ही क्यों न हो। दलाल ने कहा कि विद्यार्थियों की मांगें पूरी की जाएं। सरकार किसानों और छात्रों दोनों की आवाज दबाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि खेती की बढ़ती लागत, बीमा, सब्सिडी और ट्रैक एंड ट्रेस प्रणाली जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जातीं आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर किसान प्रीत सिंह, कमलेश सिवाच, सुशीला, मोनिका, राय सिंह, नफे सिवाच, जयप्रकाश हुडा, सुरेंद्र रिठाल, शमशेर सिवाच, संदीप मोखरा, राकेश मलिक, प्रेम सिंह आदि शामिल रहे।