फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवा उत्सव में झलका किसानों का दर्द

विज्ञापन
पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में तीन दिवसीय कला संगम युवा समारोह में मुख्य स्टेज पर स
विज्ञापन
रोहतक। कोरोना के कारण दो साल बाद पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में तीन दिवसीय कला संगम युवा समारोह का बुधवार को रंगारंग आगाज हुआ। यहां मंच पर किसानों का दर्द साफ झलका। इसके अलावा देशभक्ति गीत, वीर रस से ओतप्रोत कविताएं, पेंटिंग, स्किट, समूह नृत्य, एकल नृत्य, समूह गान, पोस्टर मेंकिग, क्ले मॉडलिंग, कॉर्टून मेकिंग, भजन, गजल समेत 31 विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की वाहवाही बटोरी। समारोह के मुख्य अतिथि पंडित लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि के कुलपति गजेंद्र चौहान रहे। प्राचार्य मेजर दिनेश सहारन व कालेज काउंसिल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
विज्ञापन

मुख्य अतिथि ने कहा कि समारोह में अनेक कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कड़ी मेहनत के बाद ही मंजिल मिलेगी। इसलिए सतत प्रयास करते रहें। दोपहर बाद के सत्र में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार समारोह के मुख्य अतिथि रहे। प्राचार्य मेजर दिनेश सहारन ने विद्यार्थियों को मंच पर बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर निर्णायक मंडल, अतिथि, स्टाफ, विद्यार्थी आदि मौजूद रहे।
मंच 1:
कॉलेज में नजर आया लघु भारत
नेकीराम कॉलेज के पहले मंच पर समूह नृत्य की प्रस्तुतियां हुई। स्पर्धा में जोन के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्राओं ने देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति दर्शाई। हरियाणवी, पंजाबी, गुजराती, राजस्थानी व अन्य नृत्य की प्रस्तुतियों से मंच पर लघु भारत नजर आया। युवा दर्शकों की सबसे ज्यादा भीड़ इसी मंच पर देखने को मिली। यहीं एकल नृत्य के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दी।
विज्ञापन

मंच 2:
सुर संसार की लहरियों में खोये श्रोता
दूसरे मंच पर समूह गान व एकल गान स्पर्धाएं हुई। सुरों की सरगम छेड़ प्रतिभागियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नई जिदंगी, नई है सदाएं... हमारा वतन... मातृभूमि तुमको नमन सरीखे गीतों की प्रस्तुति से प्रतिभागियाें ने श्रोताओं का मन मोहा। सुरों के जादू में घिरे दर्शक भी प्रतिभागियों की तालियों से प्रोत्साहित करने में पीछे नहीं रहे।
मंच 3:
गीतों व भजनों ने छुआ अंतरमन
समारोह में तीसरे मंच पर गीत, भजन, गजल की प्रस्तुतियां हुई। यहां अपनी रचनाएं लेकर पहुंचे प्रतिभागियों ने गीतों व भजनों की प्रस्तुति से न केवल माहौल को भक्तिमय बनाने का काम किया, बल्कि श्रोताओं के अंतरमन को छूने में सफल रहे। विनती सुन लो हमारी... जुदा है हम तो रंज कैसा... आजकल वो खफा से रहते है... गजल ने अपनों से विरह को साफ दर्शाया।
मंच 4:
छात्रा ने उठाई निजी स्वच्छता की आवाज
अलग थाली, अलग बिस्तर, अलग सबसे बिठाया है, आज मां ने फिर उसे बीमार बताया है.. पंक्तियों के जरिये गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज की छात्रा चेतना ने एक लड़की का दर्द उठाया। छात्रा ने अपनी कविता के जरिये महिलाओं की निजी स्वच्छता की आवश्यकता जताते हुए आवाज उठाई। चौथे मंच पर हिंदी व अंग्रेजी कविता पाठ में प्रतिभागियों ने किसानों की व्यथा, दहेज प्रथा, नारी सशक्तिकरण, सैनिकों का जीवन व अन्य गंभीर मुद्दे उठाते हुए अपनी रचनाओं से श्रोताओं को झकझोरने का काम किया।
मंच 5:
पेंटिंग में झलका ग्रामीण जीवन व किसान
पांचवें मंच पर ऑन द स्पॉट पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग व कार्टूनिंग स्पर्धाएं हुई। इन प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों की कृति में किसान, बेटी, ग्रामीण जीवन, मजदूरों का दर्द व अन्य अहम विषय साफ नजर आए। पेंटिंग के जरिये विद्यार्थियों ने समाज के समक्ष ग्रामीण व किसान जीवन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करते हुए उनका दर्द समझाने का प्रयास किया।
मंच 6:
छठवें मंच पर डेक्लामेशन (वाद-विवाद) इन संस्कृत, संस्कृत श्लोकोच्चारण स्पर्धा हुई। इसमें भी प्रतिभागियों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। श्रोताओं ने देश की संस्कृति का हिस्सा संस्कृत में भी खासी रुचि दिखाई।
यूं रहा दिन भर का परिणाम
कॉलेज में बुधवार को पहले दिन हुई स्पर्धाओं के शाम परिणाम जारी किए गए। इसमें लाइट म्यूजिक में पंडित नेकी राम शर्मा कॉलेज प्रथम, हिंदू कन्या महाविद्यालय सोनीपत द्वितीय, एलएन हिंदू कॉलेज रोहतक तृतीय रहा। ग्रुप सॉन्ग में एमडीयू का यूटीडी प्रथम, नेकीराम शर्मा कॉलेज द्वितीय, एमडीयू का यूआईटी तृतीय रहा। क्लासिकल डांस में टीकाराम गर्ल्स कॉलेज सोनीपत प्रथम, राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय रोहतक द्वितीय रहा। समूह नृत्य में वैश्य महिला महाविद्यालय रोहतक प्रथम, नेकीराम शर्मा कॉलेज द्वितीय, वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज तृतीय रहा। हिंदी काव्य पाठ में हिंदू गर्ल्स कॉलेज सोनीपत प्रथम, कन्या महाविद्यालय खरखौदा द्वितीय, हिंदू कॉलेज सोनीपत तृतीय रहा। संस्कृत डेक्लामेशन में एमडीयू का यूटीडी प्रथम, जीवीएम गर्ल्स कॉलेज सोनीपत द्वितीय, हिंदू गर्ल्स कॉलेज सोनीपत तृतीय रहा। क्ले मॉडलिंग में राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय प्रथम, एमकेजेके कॉलेज द्वितीय, जाट कॉलेज व यूटीडी एमडीयू तृतीय रहा। स्लोगन में राजकीय महाविद्यालय दूबलधन प्रथम, राजकीय महाविद्यालय सांपला द्वितीय व राजकीय महाविद्यालय दुजाना तृतीय रहा। ऑन द स्पॉट पेंटिंग में राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय प्रथम, जाट कॉलेज रोहतक द्वितीय, नेकीराम शर्मा कॉलेज तृतीय रहा। संस्कृत स्लोगन उच्चारण में हिंदू गर्ल्स कॉलेज सोनीपत प्रथम, यूटीडी एमडीयू द्वितीय व टीकाराम गर्ल्स कॉलेज सोनीपत तृतीय रहा।
भीड़ व जाम से हाल हुआ बेहाल
कॉलेज में दो साल बाद हुए युवा उत्सव को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। इसके चलते कॉलेज परिसर व बाहर युवाओं की भीड़ बनी रही। शुरू में युवाओं को छोटे गेट से प्रवेश दिया गया। इसके चलते बाहर अव्यवस्था बन गई। हार कर कॉलेज प्रशासन को बड़ा दरवाजा खोलना पड़ा। यही नहीं, यह भीड़ बगैर मास्क व सामाजिक दूरी के कोविड नियमों को धत्ता देती नजर आई। कॉलेज के गेट पर भीड़ के चलते सड़क पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। एमडीयू के गेट नंबर दो से आगे दिल्ली बाईपास व मेडिकल मोड़ से आगे डी-पार्क तक तेज रफ्तार वाहनों की भीड़ रेंगते हुए नजर आई। पुलिस को यातायात व्यवस्था बनवाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
वन एक्ट प्ले व लोक नृत्य आज
कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. दलबीर सिंह हुड्डा ने बताया कि कला संगम युवा समारोह का समापन 24 दिसंबर को होगा। वीरवार को समारोह के दूसरे दिन भी विभिन्न छह मंचों पर प्रस्तुतियां होंगी। पहले मंच पर एकल नृत्य, लोक नृत्य, वन एक्ट प्ले मिमिक्री, दूसरे मंच पर संस्कृत भाषा में वन एक्ट प्ले, म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा, तीसरे मंच पर वेस्टर्न वोकल सोलो, ग्रुप सांग वेस्टर्न, चौथे मंच पर हरयाणवी, पंजाबी कविता पाठ व डिबेट, पांचवें मंच पर बेकार चीजों से बेहतर कोलाज बनाना, पोस्टर मेंकिग प्रतियोगिता व छठे मंच पर अंग्रेजी डिबेट स्पर्धा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें