08 ऑल इंडिया किसान, मजदूर संगठन की तरफ से आयोजित महापंचायत में उपस्थित सदस्य। स्रोत: संगठन
रोहतक। ऑल इंडिया किसान, मजदूर संगठन ने किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर तीन नवंबर को प्रदेश मुख्यालयों पर ज्ञापन देने का फैसला किया है। यह निर्णय सोमवार को दिल्ली रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित महापंचायत के दौरान लिया गया।
महापंचायत में संकल्प लिया गया कि यदि ज्ञापन पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया तो फरवरी 2027 में विधानसभा सत्र के दौरान जिलावार विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। महापंचायत ने रोजगार के संवैधानिक अधिकार के लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आह्वान किया। महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं न्याय तंत्र को चुस्त-दुरुस्त करने की मांग भी की गई। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 26 नवंबर को किसानों ने दिल्ली आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया।
इस दौरान ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख नेता कॉमरेड सत्यवान, गुरजीत कौर और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-
ये हैं प्रमुख मांगें
महापंचायत ने बाजरा और धान की एमएसपी दर पर समुचित खरीद करने, सस्ता और असली खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने तथा बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा, फसल नुकसान पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने, बुढ़ापा पेंशन 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने और प्रदेश में आठ घंटे का कार्यदिवस सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।