माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। चार बीघा जमीन को लेकर चल रही रंजिश में शुक्रवार की रात महम चौबीसी के गांव मोखरा में किसान ओमबीर उर्फ ओमला (48) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शव रात सवा 11 बजे गोगापीर मंदिर के गेट के सामने गली में पड़ा मिला।
किसान के बेटे विजय उर्फ सोनू के बयान पर बहुअकबरपुर थाने में युवती सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मोखरा खेड़ी निवासी विजय उर्फ सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं। उनके पिता ओमबीर पांच भाई हैं। जयबीर, ऋषिनाथ व मनोज उनके पिता से छोटे हैं। उनके चाचा जयबीर ने गांव निवासी फूल सिंह की पत्नी बिमलेश को चार बीघा जमीन बेची थी।
इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा चल रहा है। अप्रैल में गेहूं की कटाई को भी लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज करवाई गई है। सोनू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे गांव के रहने वाले युवक मोनू और सूरज आए आए।
उन्होंने बताया कि उनके पिता लहूलुहान हालत में गोगापीर मंदिर के सामने गली में पड़े हुए हैं। वह मौके पर पहुंचा तो उनके पिता के सिर से खून बह रहा था। पिता दम तोड़ चुके थे। इस पर उनके साथी साहिल ने पुलिस को सूचना दी।
विजय का आरोप है कि फूल सिंह, उनकी पत्नी बिमलेश, बेटे अजय व ललित, बेटी रिंपी, फूलसिंह के भाई माड़ू, माड़ू के बेटे मोनू व छोटू ने मिलकर रॉड और लाठी मारकर उसके पिता की हत्या की है। शनिवार को पीजीआई से शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शाम को पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
.....
पांच लाख रुपये को लेकर हुआ विवाद, रजिस्ट्री के बावजूद नहीं दिए पैसे
ग्रामीणों ने बताया कि दो साल पहले ओमबीर के भाई जयबीर ने फूल सिंह के परिवार को 20 लाख रुपये में चार बीघा जमीन बेची थी। रजिस्ट्री फूल सिंह की पत्नी बिमलेश के नाम हुई थी। दूसरे पक्ष ने 15 लाख रुपये दे दिए। कहा कि पांच लाख रुपये रजिस्ट्री होते ही घर पर दे दूंगा। वे पैसे अब तक नहीं दिए। इस कारण दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। अप्रैल में गेहूं की कटाई को लेकर झगड़ा हुआ था। थाने में दोनों पक्षों ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इतना ही नहीं फूल सिंह के घर ठहरे पंजाब से कंबाइन लेकर आए तीन युवकों पर भी हमला किया गया था। अब हत्या के बाद रंजिश और आगे बढ़ गई है।
....
वर्जन
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उनको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। तीन टीमें सीआईए व एक बहुअकबरपुर थाने की है। -इंस्पेक्टर महेश कुमार, प्रभारी, थाना बहुअकबरपुर।
02-रोहतक के पीजीआई पोस्टमार्टम हाउस में किसान ओमबीर की हत्या के बाद मायूस बेटा विजय उर्फ सोनू।