प्रयागराज में शुरू हुए महाकुंभ में जाने को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। लोग प्रयागराज जाने की तैयारी में जुटे हैं, किंतु श्रद्धालुओं के सामने सबसे बड़ी परेशानी प्रयागराज आने-जाने के लिए सरकारी स्तर पर परिवहन सेवा है।
प्रयागराज के लिए सांपला से न तो हरियाणा रोडवेज की सीधी बस है और न ही ट्रेन। लोगों को दिल्ली जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है। बार-बार गाड़ी बदलने को लेकर श्रद्धालु परेशान हैं।
प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने के लिए तैयार मोनू राठी, मुकुल कुमार, अमित कुमार ने बताया कि सांपला बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन से प्रयागराज के लिए परिवहन सेवा की जानकारी जुटाई तो हर जगह से न ही सुनने को मिला। यहां से कोई गाड़ी सीधी प्रयागराज नहीं जा रही है। इस कारण दिल्ली के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करनी पड़ी। वह भी वेटिंग में है। श्रद्धालुओं ने सरकार से रोहतक से प्रयागराज के लिए बस व रेल सुविधा की मांग की है। इलाके से करीब दो हजार श्रद्धालु जाएंगे। यह संख्या और भी ज्यादा होती अगर सांपला से प्रयागराज के लिए बस और ट्रेन सुविधा उपलब्ध होती।