शिविर में आंखों की जांच करती डॉ. हिमानी।
बहादुरगढ़। वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्यालय में निशुल्क नेत्र व हड्डी रोग जांच शिविर लगाया गया। शिविर का 106 लोगों ने लाभ उठाया।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल व नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी व पैरामेडिकल टीम से सोनिया, सार्थक और राहुल शामिल रहे। प्राचार्य डॉ.आशा शर्मा व प्रबंधन समिति के सदस्यों ने स्मृति चिन्ह व पौधा देकर उनका अभिवादन किया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमानी ने कहा, नेत्र हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग है, इसलिए हमें इनकी देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और समय-समय पर इनकी जांच करवाते रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों को संतुलित भोजन खाने और एक्सरसाइज करने की सलाह दी। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल ने कहा कि जोड़ों का दर्द आपके दैनिक कार्यों को भी प्रभावित करता है और बुनियादी कार्य करने की आपकी क्षमता को सीमित कर देता है। जोड़ों के दर्द से बचने के लिए नियमित व्यायाम महत्वपूर्ण है। डॉक्टरों की टीम ने लोगो को मोबाइल के कम इस्तेमाल की नसीहत दी तथा स्ट्रेस लेवल को कम करने के लिए उन्हें कई तरह के व्यायाम बताए। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राहुल अहलावत ने लोगों को सभी प्रकार के जोड़ों, कमर एवं पीठ दर्द के लिए परामर्श दिया तथा हड्डी व जोड़ संबंधी रोगों से बचाव तथा हमारी जीवन शैली का प्रभाव के संबंध में सुझाव व समाधान बताया। साथ ही एक्वाप्रेशर के माध्यम से पॉइंट्स दबाकर विभिन्न प्रकार की बीमारियों का इलाज करने का सुझाव दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन यूथ रेड क्रॉस, एनएसएस इकाई द्वारा किया गया।