कनीना (महेंद्रगढ़)। गांव नौताना में पूर्व सैनिक ने रंजिश के चलते मंगलवार को पड़ोसी युवक की 6 गोलियां मार कर हत्या कर दी। उसके बाद उसने अपने घर जाकर लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को सातवीं गोली मार ली। घटना के बाद एसएचओ विनय कुमार, डीएसपी विजय देशवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस अवैध संबंध के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार गांव नौताना निवासी पूर्व सैनिक रामप्रकाश उर्फ बबलू की पड़ोसी राजवीर उर्फ गोली के साथ रंजिश चल रही थी। दो दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। आशंका है कि उसी रंजिश में रामप्रकाश ने सुबह करीब 11 बजे लाइसेंसी रिवॉल्वर से किसान 25 वर्षीय राजवीर के सिर में ताबड़तोड़ 6 गोलियां मार दीं। इसके बाद वह अपने घर जाकर अपनी पत्नी को खोजने लगा। जब उसे पत्नी नहीं मिली तो उसने अपने सिर में गोली मार कर खुदकुशी कर ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल भिजवाया। रामप्रकाश मार्च 2020 में ही सेना से रिटायर होकर आया था।
कनीना थाना प्रभारी विनय कुमार के मुताबिक मौके रिवॉल्वर और कुछ खोल बरामद हुए हैं। दोनों परिवारों के बयान रिकार्ड नहीं होने के चलते मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वर्जन
सूचना के बाद थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक साइंस की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। मैंने भी मौके का मुआयना किया है। सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। अभी पूर्व सैनिक के परिवार के लोगों के बयान नहीं हो सके हैं।
विजय देशवाल, डीएसपी, कनीना।